व्यापारी को हनीट्रैप में फंसा मांगे एक करोड़, दो काबू
दो व्यापारियों को हनीट्रैप के फंसाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे 13 लाख रुपये की नकदी और हथियार भी बरामद हुए हैं।
जेएनएन, हिसार। दो व्यापारियों को हनीट्रैप के फंसाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे 13 लाख रुपये की नकदी और हथियार भी बरामद हुए हैं। आरोपित हिसार के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें दो दिन की रिमांड पर लिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी मोहन लाल को दो व्यापारियों ने बताया कि एक महिला और उसके साथी उन्हें हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करते हुए एक करोड़ रुपये मांग रहे हैं। उन्हें धमकी दी जा रही है कि ऐसा न करने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करा देंगे। व्यापारियों ने बताया कि 20 लाख देने पर सहमति बन गई है। 28 नवंबर को वे हिसार निवासी एक महिला के साथ आए और 20 लाख ले गए। इसके बाद भी इनका लालच कम नहीं हुआ। इसके बाद भी वे और रुपये देने का दबाव बनाने लगे।
मेडिकल कॉलेज से किया गिरफ्तार
पुलिस ने टीम बनाकर व्यापारियों के साथ मिलकर आरोपितों को पकडऩे के लिए जाल बिछाया। पुलिस ने तय रणनीति के अनुसार 6 दिसंबर को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में व्यापारियों से 13 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों में हिसार के राजथल निवासी सत्यवान और मनोज शामिल हैं। पुलिस ने इनसे 13 लाख रुपये, एक दोनाली बंदूक और 12 कारतूस बरामद किए हैं।
ऐसे हुई थी सत्यवान और महिला को दोस्ती
एसएचओ मोहन लाल ने बताया कि आरोपित सत्यवान ने वर्ष 2005 से 2010 तक करनाल के एक व्यापारी के पास ड्राइवर की नौकरी की थी। 2010 में उसने अपनी गाड़ी खरीद ली और हिसार में टैक्सी के रूप में चलाने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात हिसार की रहने वाली एक महिला से हुई। वह उसकी टैक्सी किराये पर लेकर आती-जाती थी। उसने महिला से सांठ-गांठ कर व्यापारी को फंसाने की साजिश रची। उसने महिला को करनाल के व्यापारी का नंबर दे दिया और व्यापारी को जाल में फंसाया।
व्यापारियों को फंसाया था अपने जाल में
थाना सिविल लाइन पुलिस के एसएचओ मोहनलाल ने बताया कि करनाल के दो व्यापारियों को हनीट्रैप में फंसाकर एक महिला और उसके साथ एक करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। व्यापारी 20 लाख रुपये 28 नवंबर को दे चुके हैं। आरोपितों को 13 लाख रुपये लेते हुए काबू किया गया है। आरोपितों से हथियार भी बरामद किए हैं। दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।