दंपति के बीच रात को हुआ था झगड़ा, गला दबाने से हुई पति की मौत; पत्नी गिरफ्तार
हिसार के सातरोड खास गांव में महेश की गला दबाकर हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी सीमा को ...और पढ़ें
-1791859248361_m.webp)
पति की मौत के बाद पत्नी गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
महेश की हत्या के आरोप में पत्नी सीमा गिरफ्तार।
पोस्टमार्टम में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई।
पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते थे।
जागरण संवाददाता, हिसार। सातरोड खास गांव में महेश (42) की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी सीमा को गिरफ्तार किया है। मृतक के भाई ने पत्नी पर चोटें मारने व गला दबाकर हत्या करने का संदेह जताया था। पुलिस आरोपित महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार मिर्जापुर रोड पर न्यू गीता कालोनी निवासी सुरेश के बयान पर केस दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया, जहां पर पुलिस ने दोपहर एक बजे के करीब डाक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम में सामने आया कि सुरेश की मौत गला दबाने से हुई है। इस दौरान उसकी गर्दन पर नाखून से निशान बने थे। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं।
स्वजन ने पीएमओ से की शिकायत
महेश के स्वजन नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शव को रविवार शाम 4.30 बजे लेकर गए थे, लेकिन वहां पर रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। वहीं सोमवार दोपहर 12 बजे तक भी पोस्टमार्टम न होने पर नागरिक अस्पताल में एकत्रित स्वजन ने पीएमओ को शिकायत की।
स्वजन को बताया कि संबंधित डाक्टर किसी मामले में अदालत में गए हुए है। डाक्टर से बात की तो उन्होंने रेफर करने के लिए कहा, हालांकि पुलिसकर्मियों ने भी इस बारे में चिकित्सा अधिकारियों से बात की। इसके बाद दोपहर एक बजे के करीब पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू की गई।
पति-पत्नी में होता रहता था घरेलू विवाद
सुरेश ने शिकायत में बताया कि उसका भाई महेश गांव सातरोड खास में पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था। महेश और उसकी पत्नी सीमा के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे महेश की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर महेश फोल्डिंग पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला।
सुरेश ने संदेह जताया कि रात को महेश और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। उसे शक है कि सीमा ने महेश को चोटें मारने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीमा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
