हिसार में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो घायल
हिसार के बिठमड़ा-सुरेवाला रोड पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई ...और पढ़ें
-1791858831065_m.webp)
हादसे में बाइक सवार की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
हिसार में ट्रक-बाइक टक्कर में एक की मौत
बिठमड़ा-सुरेवाला रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा
अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी
जागरण संवाददाता, हिसार। बिठमड़ा-सुरेवाला रोड पर नहर पुल के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिठमड़ा निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े तीन बजे वह अपने चाचा रामनिवास व मामा जगपाल सिंह के साथ बाइक पर दनोदा गांव से बिठमड़ा की ओर आ रहा था। नहर की पटरी से मुख्य सड़क पर चढ़ते समय टोहाना की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में अनिल और रामनिवास को मामूली चोटें आईं, जबकि जगपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस तीनों को हिसार लेकर आ रही थी, लेकिन रास्ते में जगपाल सिंह की मौत हो गई। इसके बाद उनके शव को नागरिक अस्पताल हिसार में रखवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है।
