विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत, संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 61

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:40 PM (IST)

हिसार जिले में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ रहा है, जहां उकलाना की 69 वर्षीय वृद्धा की मौत के साथ जिले में यह दूसरी मौत दर्ज की गई है।

स्वाइन फ्लू से एक और बुजुर्ग महिला की मौत।

स्वाइन फ्लू से एक और बुजुर्ग महिला की मौत।

HighLights

  1. हिसार में स्वाइन फ्लू से 69 वर्षीय वृद्धा की मौत।

  2. जिले में स्वाइन फ्लू से यह दूसरी मौत दर्ज हुई।

  3. बुधवार को छह नए मामले, कुल संख्या 61 पहुंची।

जागरण संवाददाता, हिसार। जिले में स्वाइन फ्लू के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वाइन फ्लू संक्रमण के चलते उकलाना ब्लाक के एक गावं की रहने वाली 69 साल की वृद्धा की स्वाइन फ्लू बीमारी के चलते मौत हो गई।

उनका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। जिला में स्वाइन फ्लू के चलते यह दूसरी मौत है। इससे पहले 66 साल की एक महिला की मौत हुई थी। वहीं बुधवार को स्वाइन फ्लू के छह नए मामले सामने आए। हांसी जिला का एक चिकित्सक भी इसमें शामिल है। इस साल स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर अब 61 पर पहुंच गई है।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि उकलाना के एक गांव की 69 वर्षीय महिला कुछ दिनों से गंभीर स्थिति में एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उनका उपचार चल रहा था, लेकिन तबीयत ज्यादा बिगड़ने के कारण उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्वाइन फ्लू के मरीजों के परिवार के सदस्यों और उनके संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित मामलों का समय रहते पता लगाया जा सके। उन्होंने आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

यहां मिले नए मरीज

जिला मलेरिया विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आई रिपोर्ट में छह नए मामले सामने आए हैं। विद्या नगर निवासी दो साल का बच्चा, माडल टाउन की पब्लिक हेल्थ कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय महिला, जिंदल कॉलोनी की 26 वर्षीय महिला और हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग, गांव खेड़ीबर्की के 30 वर्षीय युवक और गांव हरिता की 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिली है।