गर्मी के मौसम में दो-दो घंटे बिजली गुल, पांच दिन से पांच लाख लोग परेशान, ये है हरियाणा के हिसार का हाल
हिसार में अघोषित बिजली कटौती से पांच लाख लोग परेशान हैं। पांच दिन में 478 क्षेत्रों में 37 बार कट लगे। गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया।

हिसार सर्कल की बात करें तो 5 दिन में 478 क्षेत्रों में 37 बार कट लगे।
HighLights
पांच दिन में 478 क्षेत्रों में 37 बार बिजली गुल।
बिजली निगम में स्टाफ की भारी कमी।
110 ट्रांसफार्मर के देखरेख के लिए दो कर्मचारी।
जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा के प्रमुख जिलों में गिने जाने वाले हिसार में रहने वाले लोग बिजली के अघाेषित कटों से परेशान हैं। गर्मी और उमस के दिनों में दो-दो घंटे बिजली गुल हो रही है। हिसार सर्कल की बात करें तो 5 दिन में 478 क्षेत्रों में 37 बार कट लगे, जिससे करीब पांच लाख लोग गर्मी से बेहाल हुए।
क्षेत्रवासी अधिकारियों व वाट्सएप ग्रुपों पर बिजली कटों की शिकायत भेज रहे हैं लेकिन अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आ रही। खास बात है कि बिजली कर्मचारी परमिट लेने की जानकारी एसई, एक्सईएन और एसडीओ किसी को नहीं दे रहे। यही वजह है कि अधिकारियों को ही नहीं पता है कि किस-किस क्षेत्र में अनचाहे कट लग रहे हैं।
सर्वाधिक परेशानी न्यू माॅडल टाउन एक्सटेंशन में भी देखने को मिली, जहां ब्लाॅक ए और बी में देर रात से 15 बार कट लगे। हैरानी की बात है कि कट लगने की जानकारी न एसडीओ को है और न ही जेई को लेकिन उसके बावजूद कट लगते रहे। दिन में भी अनावश्यक कट लगे।
10 ट्रांसफार्मरों की देखरेख के लिए दो कर्मचारी
मानसून को लेकर बिजली निगम की आपरेशन शाखा ने केवल कागजों में तैयारी की। लेकिन जमीन पर न कोई तैयारी दिख रही है और न ही हलचल। बिजली निगम के एक अधिकारी की मानें तो ऑपरेशन शाखा के पास फील्ड सदस्यों का भारी टोटा है। 110 ट्रांसफार्मरों की देखरेख केवल दो कर्मचारी कर रहे हैं। जिस कारण बिजली सप्लाई मेंटेनेंस नहीं हो पा रही है।
यह है नियम
नियमानुसार अघोषित बिजली कट नहीं लगाए जा सकते हैं। अगर कट लगाना भी पड़े जनहित को देखते हुए 24 घंटे पहले कट लगाने की जानकारी बिजली निगम के अधिकारियों की तरफ से देनी होती है। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। हैरानी की बात है कि अधिकारियों को ही नहीं पता है कि अघोषित बिजली कट कहां-कहां लगाए गए है और क्या फीडबैक है।
शहर में इन क्षेत्रों में लगते रहे बिजली कट
नागोरी गेट, राजगुरु मार्केट, गांव जुगलान, कुंजलाल गार्डन, पुरानी सब्जी मंडी, सूर्य नगर समीप बड़वाली ढाणी, इंद्रा कालोनी, शांति नगर, उत्तम नगर, योग नगर, मनफूल नगर, बक्शी नगर, पुरानी सब्जी मंडी समीप सैनी स्कूल सटे क्षेत्र, सुभाष नगर, कृष्णा नगर, नई अनाज मंडी, आजाद नगर, पटेल नगर, जवाहर नगर, आटो मार्केट, आउट साइड मोरी गेट बाहर बिजली के कट लगे।
इसके अलावा पड़ाव चौक, पठाना मोहल्ला, सिटी थाना समीप मार्केट, तेलियान पुल समीप सब्जी मंडी, भगत सिंह चौक, मुलतानी चौक, जहाजपुल चौक, जलेबी चौक, लाहौरिया चौक, 12 क्वार्टर रोड, मिल गेट, मिर्जापुर, रायपुर, कैमरी रोड, सेक्टर 1-4, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, नागरिक अस्पताल, बस स्टैंड समीप क्लाथ मार्केट व बरवाला चुंगी सहित सटे क्षेत्र में भी बिजली गुल रही।
गांव के इन क्षेत्रों में लग रहे बिजली कट
गैबीपुर, चूली-मोढ़ाखेड़ा, अग्रोहा-नंगथला, मंगाली, भिवानी रोहिल्ला, चौधरीवास, आर्य नगर, जमालपुर, थुराना, मिर्चपुर, खरड़, अलीपुर, भाटला, दयाल सिंह कालोनी, हांसी रेलवे, लोहारी राघो, माजरा, ढंढेरी, खेड़ी लोहचब, उमरा, बास, मुंढाल, राजली, सदलपुर, स्याहड़वा, पायल, दुर्जनपुर, जेएनवी इंडो, प्रभु भाटा एपी, सातरोड पंप, सैनीपुरा, एचपीसीएल इंडो सहित सटे क्षेत्र शामिल रहे।
एक्सईएन व एसडीओ को आदेश दिए है कि वे जनहित को देखते हुए कदम उठाए। अघोषित कट के लिए अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। जैसे ही रिपोर्ट आएगी वैसे ही कार्रवाई कर दी जाएगी। - अविनाश यादव, एसई, आपरेशन शाखा, हिसार सर्कल।
