विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में 10 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, भूमि अधिग्रहण मुआवजे की किस्त जारी करने की एवज में मांगे थे पैसे

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:00 AM (IST)

हिसार में एंटी करप्शन ब्यूरो ने भूमि अधिग्रहण विभाग के पटवारी भूप सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

भूमि अधिग्रहण मुआवजे की अंतिम किस्त जारी करने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर

भूमि अधिग्रहण मुआवजे की अंतिम किस्त जारी करने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. पटवारी भूप सिंह 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

  2. भूमि अधिग्रहण मुआवजे की बकाया राशि के लिए रिश्वत मांगी

  3. एसीबी टीम ने हिसार लघु सचिवालय से रंगे हाथ पकड़ा

जागरण संवाददाता, हिसार। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने भूमि अधिग्रहण विभाग में पुनर्नियुक्ति पर तैनात पटवारी भूप सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लघु सचिवालय परिसर से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी की टीम की तरफ से पकड़े गए पटवारी पर भूमि अधिग्रहण मुआवजे की बकाया राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। आरोपित के खिलाफ भष्ट्राचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

एसीबी को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण मित्तल के पक्ष में उपायुक्त की अदालत की तरफ से 33 लाख रुपये का भूमि अधिग्रहण मुआवजा जारी करने के आदेश दिए गए थे।

विभाग की तरफ से 32 लाख रुपये की राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी, एक लाख रुपये अंतिम बकाया राशि जारी होनी बाकी थी। आरोप है कि इस राशि को जारी करने की एवज में पटवारी भूप सिंह शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो की तरफ से निरीक्षक राजबीर सिंह के नेतृत्व में एएसआइ वीरेंद्र कुमार, एएसआइ भरतलाल व एसआइ राजेंद्र सिंह टीम बनाई। कार्रवाई के दौरान पशु चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट थे।

टीम ने शिकायतकर्ता को पाउडर लगे हुए दस हजार रुपये दिए। फिर शिकायतकर्ता पटवारी के पास पहुंचा और उसे रिश्वत के दस हजार रुपये दिए। इसी दौरान इशारा मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पटवारी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम आरोपित से पूछताछ कर रही है। वीरवार को आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा।