हिसार, जागरण संवाददाता।
नागोरी गेट के नजदीक तिलक श्याम वाली गली (जैन गली) में रविवार को नहाने के दौरान बाथरूम में दम घुटने से दो भाइयों माधव (13) और सोहम (9) की दम घुटने से मौत हो गई।बाथरूम में गैस गीजर लगा था और खिड़कियां भी बंद थीं। दोनों बच्चे गुरुग्राम में रहने वाले चाचा की शादी में जाने के लिए तैयार हो रहे थे। स्वजनों ने बताया कि रविवार दोपहर दोनों करीब सवा एक बजे हेयर कटिंग करवा कर आए थे।
माधव के आने पर मां हिमानी ने नहाने को कहा तो उसने सोहम का इंतजार करने की बात कही। फिर दोनों भाई प्रथम तल पर बने बाथरूम में नहाने चले गए। करीब 10 मिनट बाद मां ने आवाज लगाई। कोई नहीं बोला तो बाथरूम में आई जहां यहां दोनों बेसुध पड़े थे। बच्चों को नजदीकी अस्पताल लाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गीजर के कारण आक्सीजन का स्तर कम
बच्चों के पिता सौरभ शहर में फोटोग्राफी लैब चलाते हैं। स्वजन ने बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया। सिटी थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने कहा कि गीजर के कारण आक्सीजन का स्तर कम हो गया था।
गीजर से निकलती है कार्बन मोनो आक्साइड व नाइट्रो आक्साइड
विशेषज्ञ ने बताया कि गैस गीजर एलपीजी गैस सिलेंडर से चलाया जाता हैं। गैस गीजर चलने पर यह कार्बन मोनो आक्साइड और नाइट्रो आक्साइड गैस बनाता है। वेंटिलेशन की सुविधा नहीं हैं तो स्नानघर में आक्सीजन की मात्रा घटती जाती है। एक्सपर्ट का कहना है कि अगर स्नान घर में गैस गीजर है तो पहले गर्म पानी बाल्टी में भर लें और स्नानघर में जाने के बाद गैस गीजर को बंद कर दें या फिर स्नानघर से बाहर ही गैस गीजर लगाएं। गैस गीजर से विषैली गैस शुरुआत में ही निकलती है।
गैस गीजर से जहरीली गैसों का निकलता है मिश्रण
हिसार के नागरिक अस्पताल फिजिशियन डा. ज्ञानेंद्र ने बताया कि गैस गीजर से जहरीली गैसों का मिश्रण निकलता है। जो सांस के जरिए फेफड़ो में जाकर सूजन पैदा करता है। सांस के जरिए यह दिमाग तक पहुंच जाती है। समय रहते इलाज मिल जाए तो मरीज स्वस्थ हो सकता है।