66 करोड़ मंजूर होने के सात साल बाद भी चौड़ी नहीं हुई हिसार-मसूदपुर सड़क, लोगों ने CM नायब सैनी को लिखी चिट्ठी
हिसार-मसूदपुर सड़क को 66 करोड़ रुपये मंजूर होने के सात साल बाद भी चौड़ा नहीं किया गया है, जिससे यातायात में भारी परेशानी हो रही है।

लोग लंबे समय से कर रहे सड़क बनने का इंतजार (फाइल फोटो)
HighLights
66 करोड़ रुपये मंजूर होने के बाद भी सड़क चौड़ी नहीं हुई।
हिसार-मसूदपुर सड़क 18 फुट से 27 फुट चौड़ी होनी थी।
नंद किशोर चावला ने मुख्यमंत्री से परियोजना पूरी करने की मांग की।
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार से मसूदपुर तक करीब 18 फुट चौड़ी सड़क पर लगातार बढ़ रहे यातायात के बीच इसे 27 फुट करने की मांग फिर उठी है। सर्व जन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अनुरोध भेजकर लोक निर्माण विभाग को सड़क चौड़ी करने के निर्देश देने की मांग की है।
चावला ने कहा कि हिसार से नारनौंद जाने वाला प्रमुख मार्ग मसूदपुर होकर गुजरता है। सड़क संकरी होने के कारण विपरीत दिशाओं से आने वाले बड़े वाहनों को एक-दूसरे को रास्ता देने में परेशानी होती है।
यातायात का दबाव बढ़ने से आम वाहन चालकों के साथ क्षेत्र के गांवों से हिसार और नारनौंद आने-जाने वाले लोगों को भी दिक्कत झेलनी पड़ती है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा सरकार ने 21 जनवरी 2019 को हिसार से मसूदपुर तक सड़क को चौड़ा करने के लिए 66 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। योजना के तहत मौजूदा सड़क को 18 फुट से बढ़ाकर 27 फुट चौड़ा किया जाना था, लेकिन सात वर्ष बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ।
चावला ने मुख्यमंत्री से परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कराने और लोक निर्माण सड़क एवं भवन विभाग के अधिकारियों को शीघ्र काम शुरू करने के निर्देश देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से वाहनों को सुरक्षित तरीके से निकलने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। इससे हिसार, मसूदपुर, नारनौंद और आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होने के साथ मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
