होटलों में चल रहा था देह व्यापार, छापा पड़ा तो 22 युवतियां के साथ 19 युवक पकड़े; दिल्ली-यूपी से हिसार आती थीं महिलाएं
हिसार में पुलिस ने होटल राज और होटल 999 पर छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया।

दिल्ली-यूपी से हिसार आती थीं महिलाएं (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
हिसार के दो होटलों पर पुलिस ने की छापेमारी
देह व्यापार के आरोप में दो होटल मैनेजर गिरफ्तार
दिल्ली-यूपी से बुलाई गई थीं युवतियां, 41 लोग मिले
जागरण संवाददाता. हिसार। जिला पुलिस की तरफ से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में महिला डीएसपी महिला प्रिया शर्मा के नेतृत्व में अर्बन एस्टेट पुलिस थाना की टीम ने माडल टाउन एक्टेंशन वाले क्षेत्र की एक गली में होटल राज और होटल 999 पर छापेमार कार्रवाई की गई।
इस दौरान पुलिस टीम को होटल राज से नौ युवतियां, आठ युवक और होटल 999 से 13 युवतियां और 11 युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले।
पुलिस टीम की तरफ से सभी को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर आवश्यक पूछताछ एवं नियमानुसार कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने देह व्यापार के मामले में होटल 999 के मैनेजर कौथकलां निवासी कुलदीप और होटल राज के मैनेजर कैथल निवासी अंकुश को गिरफ्तार किया।
दोनों होटलों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश से युवतियां बुलाकर देह व्यापार करवाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई से पहले बोगस ग्राहक बनाकर होटल 999 में भेजा।
इशारा मिलने पर पुलिस टीम ने होटल दबिश दी। मौके पर होटल मैनेजर कुलदीप को काबू किया गया। होटल के कमरा नंबर 205 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। महिला के पास मौजूद मेकअप किट की तलाशी लेने पर आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लिया गया।
वहीं होटल राज में भी पुलिस की तरफ से एक बोगस ग्राहक को भेजा गया। होटल के कमरा नंबर 112 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। पुलिस ने होटल मैनेजर अंकुश को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों होटल मैनेजरों की तरफ से रुपये कमाने के उद्देश्य से होटलों में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाया जा रहा था। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
अनैतिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सिद्धांत पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस की तरफ से होटल, गेस्ट हाउस और किसी अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में अनैतिक एवं अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पैसा कमाने के लिए महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने अथवा ऐसी गतिविधियों के लिए होटल या अन्य स्थान उपलब्ध करवाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
