विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार हर्ष फायरिंग: ASI पर हत्या का केस दर्ज कराने पर अड़े परिजन, गिरफ्तारी के बाद ही कराएंगे पोस्टमार्टम

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:17 PM (IST)

हिसार के सिंघवा खास गांव में जलवा पूजन के दौरान हर्ष फायरिंग में अमरजीत की मौत के मामले में नया ...और पढ़ें

हिसार हर्ष फायरिंग: मृतक अमरजीत का फाइल फोटो।

हिसार हर्ष फायरिंग: मृतक अमरजीत का फाइल फोटो।

HighLights

  1. सिंघवा खास में हर्ष फायरिंग से अमरजीत की मौत हुई।

  2. पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

  3. परिजन हत्या की धाराएं लगाने और गिरफ्तारी की मांग कर रहे।

संवाद सहयोगी, नारनौंद (हिसार)। गांव सिंघवा खास में जलवा पूजन के दौरान कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली से मौत के मामले में नया मोड़ आ गया। पुलिस ने इस घटना को लेकर पुलिस कर्मचारी और एक अन्य युवक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है, जबकि मृतक अमरजीत के स्वजन हत्या की धाराएं लगाने पर अड़े हुए हैं। उन्होंने हत्या का केस दर्ज कर दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी होने के बाद ही पोस्टमार्टम की बात कही है। हालांकि पुलिस अभी जांच में जुटी होने का दावा कर रही है।

जानकारी के अनुसार गांव सिंघवा खास निवासी अंकित के घर बेटा पैदा हुआ था। 23 सितंबर को गांव में ही जलवा पूजन का कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जींद जिले के सफीदों क्षेत्र के गांव रोजला निवासी रिंकू अपने पति अमरजीत के साथ आई हुई थी। जब वह डीजे पर डांस कर रहे थे तो अचानक से एक गोली चली और अमरजीत के पांव में जा लगी।

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। उसे भिवानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से डॉक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही अमरजीत के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और गंभीर रूप से घायल अमरजीत को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह दो बजे उसकी मौत हो गई थी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कालेज भेजा गया तो स्वजनों ने पोस्टमार्टम करवाने के लिए इन्कार कर दिया। मृतक की पत्नी रिंकू ने कहा कि जब तक दोनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस हत्या का मामला दर्ज नहीं करती और उनको गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।

हालांकि पुलिस ने रिंकू की शिकायत पर ही गांव सिंघवा खास निवासी हरियाणा पुलिस में तैनात सुरेन्द्र और भिवानी जिले के गांव गुजरानी निवासी मनोज के खिलाफ गैर इरादतन का मामला दर्ज कर लिया था। इस संबंध में बास थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग के दौरान हुई मौत के मामले में मामला दर्ज कर लिया था, परिजन अब हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस दोबारा से उनके बयान लेगी और उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।