किरायेदारों को रेंट के लिए मजबूर न करें और श्रमिकों को करें भुगतान - हिसार डीसी
प्रशासन 9 शेल्टर होम्स में 360 श्रमिकों को उपलब्ध करवा रहा किराया रहित आश्रय। जिला में विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए गए हैं 1060 व्यक्तियों की क्षमता के 9 शेल्टर होम
हिसार, जेएनएन। जिला प्रशासन द्वारा जिला के विभिन्न स्थानों पर 1060 व्यक्तियों के ठहरने की क्षमता के 9 शेल्टर होम स्थापित किए गए हैं। इनमें फिलहाल 360 व्यक्ति रह रहे हैं जिन्हें किराया रहित आश्रय प्रदान किया जा रहा है। प्रशासन ने जरूरतमंद व्यक्तियों को रेंट फ्री यानी किराया रहित आश्रय की सुविधाओं का प्रबंध किया है। उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने बताया कि किराए पर रहने वाले व्यक्तियों व विभिन्न उद्योगों व वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के श्रमिकों से मकान मालिक द्वारा एक माह तक किराए की वसूली के लिए दबाव न डाला जाए तथा लॉकडाउन अवधि के दौरान उद्योगों व वाणिज्य प्रतिष्ठानों में कार्य कर रहे श्रमिकों का वेतन न काटा जाए।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि इस आदेश को न मानने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी मकान मालिक मानवता की भावना का परिचय देते हुए उन्हें तुरंत किराया देने के लिए विवश न करें और यदि वे किराया माफ न कर सकें तो आगे इसकी वसूली धीरे-धीरे किश्तों में करें। किराया न देने वालों को मकान छोडऩे के लिए भी विवश न किया जाए। ऐसा करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला में शेल्टर होम में रहने वाले श्रमिकों का आंकडा
कुल शेल्टर होम- 9
कुल शरणार्थी- 1060
क्षमता- एक शेल्टर में 360
- शौर्य पैलेस में 300 व्यक्तियों की क्षमता वाले शेल्टर होम में 113 व्यक्ति
- ब्राह्मण धर्मशाला में 200 की क्षमता वाले शेल्टर होम में 60 व्यक्ति
- इलाइट सिनेमा के पीछे विश्वकर्मा धर्मशाला में 100 व्यक्तियों की क्षमता वाले शेल्टर होम में 26 व्यक्ति
- नगर निगम के 30 व्यक्तियों की क्षमता वाले स्थाई शेल्टर होम में 13 व्यक्ति
- मंडी आदमपुर स्थित 60 व्यक्तियों की क्षमता वाली व्यापार मंडल धर्मशाला में 56 व्यक्ति
- अग्रोहा स्थित 100 व्यक्तियों की क्षमता वाले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 68 व्यक्ति
- हांसी स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास में 50 व्यक्तियों की क्षमता वाले शेल्टर होम में 2 व्यक्ति
- उकलाना में 200 व्यक्तियों की क्षमता वाले अग्रवाल सेवा सदन में 20 व्यक्ति
- नारनौंद में 20 व्यक्तियों की क्षमता के रैन बसेरा शेल्टर होम में 2 व्यक्ति ठहरे हुए हैं।