हरियाणा: हिसार वर्कशॉप में गाड़ी बैक करते समय दब गई रेस, कार ने दो मैकेनिकों को कुचला; एक की मौत
हिसार में दिल्ली रोड पर एक ऑटो वर्कशॉप में कार बैक करते समय रेस दबने से दो मैकेनिकों को टक्कर लग गई।

हिसार। यूनिक आटो वर्कशाप के अंदर खड़ी कार जिससे मैकेनिकों को टक्कर लगी।
HighLights
हिसार में ऑटो वर्कशॉप में कार बैक करते समय हादसा हुआ।
रेस दबने से दो मैकेनिकों को कार ने टक्कर मारी।
एक मैकेनिक विवेक की मौत, दूसरा राजपाल घायल।
जागरण संवाददाता, हिसार। दिल्ली रोड पर सातरोड गांव से कुछ दूरी पर यूनिक आटो वर्कशॉप में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कार बैक करते समय रेस दबने से पीछे काम कर रहे दो मैकेनिकों को कार ने टक्कर मार दी। एक मैकेनिक कार से कुचला गया।
दोनों को उपचार के लिए जिंदल अस्पताल में लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने हांसी के अनीपुरा गांव निवासी विवेक (28) को मृत घोषित कर दिया। धान्सू निवासी राजपाल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कार मालिक अधिवक्ता डॉ. आशीष ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे यूनिक ऑटो वर्कशॉप में कार की सर्विस करवाने गए थे। उनके साथ तीन साल की बेटी थी। कार को वर्कशॉप में खड़ी करने के बाद ऊपर बैठा था।
डेढ़ बजे वर्कशॉप में एक मैकेनिक उसकी कार को बैक कर रहा था। इसी दौरान काम करे दो मैकेनिकों को चपेट में ले गया। बाद में दोनों मैकेनिकों को उपचार के लिए लेकर गए। मृतक के स्वजन ने बताया कि अनीपुरा निवासी मेवा सिंह का बड़ा बेटा विवेक करीब डेढ़ साल से यूनिक आटो वर्कशॉप में मैकेनिक था।
दोपहर को सूचना मिली की एक हादसे में विवेक घायल हो गया। यहां आने पर पता चला कि विवेक और राजपाल दोनों एक कार के इंजन का काम कर रहे थे। पास में दूसरा मैकेनिक कार को दूसरी तरफ ले जाने के लिए बैक कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से कार बैक हुई और हादसा हो गया।
