विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा बॉक्सर हत्याकांड: बहन को बुरा-भला कहने पर भड़का था प्रिंस, कस्सी और बीयर की बोतलों से की दीपक की हत्या

Published: Thu, 24 Sep 2026 01:05 PM (IST)

हांसी के गांव धर्मखेड़ी में बॉक्सर दीपक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है।

आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है (प्रतीकात्मक फोटो)

आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बॉक्सर दीपक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई।

  2. बहन को बुरा-भला कहने पर प्रिंस ने किया हमला।

  3. कस्सी और बीयर की बोतलों से की गई थी हत्या।

जागरण संवाददाता, हांसी। जिले के गांव धर्मखेड़ी में बाक्सर दीपक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने काफी हद तक सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में गांव जैब भरान निवासी प्रिंस व राकेश, धर्मखेड़ी निवासी अजय और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बहन को बार-बार बुरा-भला कहने से नाराज प्रिंस ने कस्सी और बीयर की बोतलों से हमला कर दीपक की हत्या की थी। पुलिस अन्य तीन युवकों की वारदात में भूमिका की जांच कर रही है।

जांच में पता चला कि दीपक ने प्रिंस की बहन का रिश्ता अपने मौसी के लड़के के साथ करवाया था। बाद में दीपक प्रिंस के सामने उसकी बहन को बुरा-भला कहने लगा था।

घटना की रात दीपक, प्रिंस और अन्य युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दीपक ने फिर उसकी बहन को लेकर गलत बातें कहीं। इससे प्रिंस भड़क गया और विवाद के बाद उसने दीपक पर कस्सी व बीयर की बोतलों से हमला कर दिया।

वारदात वाले दिन चारों युवक रिट्ज कार से गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों ने उन्हें दिनभर दुकानों पर यूपीआइ के जरिये नकदी निकलवाने के लिए घूमते देखा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस उन तक पहुंची।

वारदात के बाद से दीपक का मोबाइल भी गायब है। पुलिस मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार की तलाश करने के साथ गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर रही है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया गया था। गांव में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।