हिसार, जेएनएन। हिसार की बड़वाली ढाणी में युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। घटना के बाद यहां अफरा तफरी मच गई। सड़क पर हर तरफ खून बिखरा हुआ था। सड़क पर दो जगह गोलियों के निशान मिले हैं। एक जगह 15 निशान मिले हैं तो वहीं एक जगह 5 निशान मिले हैं। पास ही मिली एक स्कूटी पर भी खून लगा हुआ मिला है। घटनास्थल पर पुलिस दलबल के साथ पहुंचा है। डीएसपी अशोक कुमार और एसएचओ मनोज कुमार जांच में जुटे हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची है।
जानकारी के अुनसार मृतक की पहचान मुकेश सैनी उर्फ प्रधान के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या आपसी रंजिश को लेकर की गई है। जमीन पर मिले गोलियां के निशान को देखकर लग रहा है कि जमीन पर गिरे युवक पर गोलियां बरसाई गईं है। वहीं दोनों ओर से भी गोलियां चलने का अंदेशा जताया जा रहा है। घटनास्थल पर लोग अपने घरों की छतों पर देख रहे हैं। कोई कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।
वहीं घायल युवक को एक निजी अस्पताल में लेकर जाया गया था, मगर उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मुताबिक कई राउंड फायर हुए हैं। पुलिस ने चॉक से गाेलियाें के निशान पर सर्किल बना दिए हैं और उन पर संख्या भी लिख दी गई है। हमलावर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बता दें कि इस क्षेत्र में पहले भी हत्याएं हो चुकी हैं। स्वीटी हत्याकांड और साथ ही लगती ठंडी सड़क पर भी दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई थी।
साक्ष्य बचाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
हिसार में बेसहारा पशुओं की समस्या तो हमेशा से बनी है। मगर बड़वाली ढाणी में हत्या के बाद गोली के निशान और खून को लेकर साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। बार बार पशु गली में आ रहे थे जिन्हें पुलिस ने मार मार कर भगाया।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप