हरियाणा में लू का कहर, हीट वेट से झुलसे लोग, आगामी इन दिनों में मिल सकती है राहत
हरियाणा में गर्म व खुश्क बने रहने तथा तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 20 मई देर रात्रि से हवाओं में बदलाव पश्चिमी से दक्षिण पूर्वी होने से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है।
फतेहाबाद, जागरण संवाददाता। फतेहाबाद में अगले दो दिनों तक लगातार तापमान में बढ़ोतरी होगी। लेकिन उसके बाद कुछ राहत मिलने वाली है। बुधवार को भी मौसम में बदलाव देखा गया। सुबह के समय पूर्व दिशा से हवा चली। लेकिन जैसे-जैसे दोपहर होती गई हवा का रूख भी बदल गया और पश्चिमी दिशा की तरफ से हवा चलने लग गई। जिससे तापमान में बढ़ाेतरी हुई। जिले में अधिकतम 42 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऐसे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 12 डिग्री का अंतर है। जब बरसात की संभावना होती है तो अधिकतम व न्यूनतम तापमान के अंतर में कमी आ जाती है। इस बार भी ऐसा देखने को मिल रहा है।
21 व 22 मई को बदलेगा मौसम
पिछले दो दिनों से लोगों को लू का सामना नहीं करना पड़ रहा था। लेकिन बुधवार दोपहर को लू चलने के कारण एक बार फिर मौसम गर्म हो गया। जिससे सबसे ज्यादा परेशान किसान है। जिन किसानों ने नरमा की बिजाई कुछ समय पहले की थी वो अब लू के कारण खराब हो रही है। वहीं 21 व 22 मई को मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है लेकिन बरसात कम होने की संभावना है। किसानों की माने तो अगर मई महीने मेंं हल्की बरसात हो जाए तो नरमा की फसल अच्छी रहेगी। किसान इस समय अब सबसे ज्यादा गन्ने की बिजाई कर रहे है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार भाव अच्छे मिलने के कारण क्षेत्रफल भी बढ़ा है।
ये है आगामी मौसम का पूर्वानुमान
जिले में मौसम 20 मई गर्म व खुश्क बने रहने तथा तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 20 मई देर रात्रि से हवाओं में बदलाव पश्चिमी से दक्षिण पूर्वी होने से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है। जिससे राज्य में 21 व 22 मई को ज्यादातर क्षेत्रों में धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी व पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार
अगाामी 20 मई तक गर्मी रहेगी। लेकिन 21 व 22 मई को ज्यादातर क्षेत्र में धूल भरी हवाएं चलनेकी संभावना है। ऐसे में कुछ जगह बूंदाबांदी हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
---डा. मदन खीचड़ विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग।