सुबह तेज धूप के बाद झमाझम बरसे बदरा, उमस छू-मंतर होने से गर्मी से मिली राहत, आगे ऐसा रहेगा मौसम
बीते चार दिनों से शहर और जिले में लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को जहां बारिश के बाद भी उमस भरा वातावरण रहा वहीं रविवार को लगातार बारिश की झड़ी लग गई।
जेएनएन, हिसार : बीते चार दिनों से शहर और जिले में लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को जहां बारिश के बाद भी उमस भरा वातावरण रहा वहीं रविवार को लगातार बारिश की झड़ी लग गई। रविवार को धूप के बाद झमाझम बदरा बरसे, जिससे गर्मी छू मंतर हो गई। इससे पहले शनिवार को दिनभर कड़ी धूप और उमस के बाद दोपहर को अचानक आसमान में बादल छाने के साथ तेज बारिश हुई थी। इस बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई वहीं लोगों को गर्मी से राहत मिली मगर उसके बाद उमस के कारण लोगों के पसीने छूटने लगे। मौसम विभाग के अनुसार जिले में शनिवार को कुल 16 एमएम बारिश हुई है। पिछले तीन दिनों में अब तक 31.2 एमएम बारिश हो चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को 10 और वीरवार को 5.2 एमएम बारिश हुई थी। रविवार को हुई बारिश ने एमएम का आंकड़ा और भी बढ़ा दिया। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार यह बारिश सभी तरह की फसलों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 फीसद दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान भी करीब दो डिग्री कर्म दर्ज किया गया तो वहीं उमस कम होने से न्यूनतम तापमान भी करीब 25 डिग्री के आसपास ही रहा। चौधरी चरण ¨सह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में 22 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। जिले के अधिकांश स्थानों पर हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। वैज्ञानिकों के मुताबिक अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाओं के कारण हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है।
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो मौसम के मिजाज को देखते हुए आगामी 27 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। ऐसे में बारिश रुक-रुक कर होती रहेगी। ऐसे में गर्मी से राहत मिलने के पूरे आसार हैं। मगर लगातार हो रही बारिश से शहर में जलभराव की समस्या भी बनी हुई है। बारिश होते ही सड़कें पानी से लबालब हो जाती है। ऐसे में राहगीरों को बेहद परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।