22 पदक जीतने वाले हरियाणा को मिले पहला स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी सेंटर : दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वा
जागरण संवाददाता, हिसार : हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक मेडल जीत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जहां एक ओर राष्ट्रमंडल खेलों में 66 में से 22 मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं वहीं ओलंपिक खेलों में कई मेडल जीत कर हरियाणा के खिलाड़ियों ने गौरव बढ़ाया है इसलिए राष्ट्रीय खेलकूद विश्वविद्यालय का प्रथम रीजनल सेंटर हरियाणा में खुलना चाहिए। यह मांग इनेलो संसदीय दल के नेता व हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को लोकसभा में की।
लोकसभा में पेश राष्ट्रीय खेलकूद विश्वविद्यालय विधेयक 2018 पर आयोजित चर्चा में भाग लेते हुए देश के सबसे युवा सांसद दुष्यंत चौटाला ने इस बिल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए शारीरिक शिक्षा, खेल विज्ञान एवं विकास के लिए एक्सीलेंस सेंटर जरूरी हैं। उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौर का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश में रीजनल सेंटर स्थापित करते समय हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को ध्यान में रखे। दुष्यंत ने हरियाणा के देश में हर क्षेत्र में अपने योगदान की अपने शब्दों में बयान करते हुए कहा कि देसां में देस हरियाणा, जित दूध दही का खाणा, खेला म्ह में फर्स्ट आणा, अर बार्डर पर जाकै सर कटवाणा, ऐसा है मेरा हरियाणा।
दुष्यंत चौटाला ने चीन और अन्य देशों का उदाहरण देते स्कूल स्तर से पांचवीं कक्षा से ही शारीरिक शिक्षा विषय को अनिवार्य करने का सुझाव दिया।