Haryana weather : छह अप्रैल तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम, दिन में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 6 अप्रैल तक खुश्क व परिवर्तनशील रहेगा। मौसम खुश्क रहने के साथ-साथ हल्के बादल के साथ हल्की हवाएं भी चल सकती हैं
हिसार, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण जहां प्रदूषण में कमी आई है तो वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। व्हीकलों के न चलने के कारण मौसम में कई तरह की तब्दीली हो रही है। बीते कई सप्ताह से बार बार मौसम बदल रहा है। वहीं अब किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब आगामी तीन से चार दिन बारिश नहीं हाेगी। हालांकि मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा लेकिन बारिश के आसार बेहद कम हैं। ऐसे में जिन किसानों ने फसल काट रखी हैं वे अनाज निकलवा सकते हैं।
गुरुवार को दिन का तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो रात्रि तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की सुबह भी हल्की सर्दी रही तो फिर धूप बढ़ने के साथ गर्मी हल्की बढ़ने लगी। इन दिनों सामान्य से दिन का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस कम है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 6 अप्रैल तक खुश्क व परिवर्तनशील रहेगा। मौसम खुश्क रहने के साथ-साथ हल्के बादल के साथ हल्की हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में बढ़ोतरी व रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है।
फसल कटाई करते समय किसान ध्यान रखें
कोरोना से बचाव हेतु फसल कटाई करते एक-दूसरे से तीन मीटर की दूरी रखें, आपस में दरांती ना बदलें, मुंह पर साफा बांधें, समय-समय पर साबुन से हाथ धोएं। सरकार व कृषि विभाग द्वारा दी गई हिदायतों को अवश्य मानें ताकि आप सुरक्षित व स्वस्थ रहें। वहीं बाहर से लेबर न बुलवाएं तो एक जगह ज्यादा लोग इकट्ठे होकर काम नहीं करें।
मौसम को लेकर किसानों में बनी थी चिंता
बता दें कि इन दिनों किसान सरसों की फसल को काटने और निकलवाने में जुटे हुए हैं। दो दिन पहले हुई बारिश से किसानों की चिंता फिर से बढ़ गई थी। काटी हुई सरसों की फसल पानी व ओलावृष्टि से खराब हो सकती है तो वहीं इन दिनों गेहूं की फसल भी पकाव के अंतिम चरण पर है। ऐसे में किसान असमंजस की स्थिति में थी मौसम कैसा रहेगा। मगर अब आगामी तीन से चार दिन भी बारिश नहीं होती है तो किसान आराम से अपनी फसलों को निकलवा पाएंगे।