Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, कई जिलों में 10 अक्टूबर को होगी बारिश; घुलेगी गुलाबी ठंड
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 5 और 7 अक्टूबर को हरियाणा-एनसीआर व दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे बढ़ते तापमान पर रोक लगेगी।
-1791146162499_m.webp)
Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय। फाइल फोटो
HighLights
पश्चिमी विक्षोभ से 5 व 7 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी।
10 अक्टूबर से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ।
12 अक्टूबर से हरियाणा-एनसीआर में गुलाबी ठंड का अहसास।
जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा-एनसीआर व दिल्ली में लगातार बढ़ रहे तापमान पर अब मौसम प्रणाली लगाम लगाने की तैयारी में है। 5 व 7 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 अक्टूबर तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। 10 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है। 12 अक्टूबर से क्षेत्र में सुबह के समय गुलाबी और मीठी ठंड का अहसास शुरू हो सकता है।
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में इस मौसम प्रणाली के कारण बर्फबारी होने से वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों के तापमान को प्रभावित करेंगी। वर्तमान मौसम पूर्वानुमान के अनुसार हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मेवात में मौसम प्रणाली का असर सीमित रहने की संभावना है। यहां केवल बिखराव वाली छिटपुट बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है।
आसमान में बढ़ेगी बादलों की आवाजाही
वहीं, उत्तरी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, रोहतक और झज्जर में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। कुछ स्थानों पर छिटपुट ओलावृष्टि से भी इन्कार नहीं किया जा सकता।
सिरसा, फतेहाबाद, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, एनसीआर दिल्ली और हिसार में तेज गति की हवाओं के साथ हल्की वर्षा की गतिविधियां हो सकती हैं। मौसम प्रणाली के प्रभाव से आसमान में बादलों की आवाजाही भी बढ़ेगी।
तापमान पर लगेगी ब्रेक
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन के अनुसार अभी हरियाणा-एनसीआर दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी है। तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ठंडी उत्तरी हवाएं चलने से बढ़ते तापमान पर लगाम लगेगी।
10 अक्टूबर को सक्रिय होने वाली मौसम प्रणाली का प्रभाव हरियाणा-एनसीआर दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देने की संभावना है। दक्षिणी जिलों में इसका असर अपेक्षाकृत कम रह सकता है। मौसम में बदलाव के साथ सुबह व रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
