Haryana Weather: हरियाणा में अचानक बदला मौसम, कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि; 28 अक्टूबर को फिर होगी वर्षा
हरियाणा में शनिवार शाम को मौसम बदला, सिरसा, फतेहाबाद और भिवानी में ओलावृष्टि के साथ वर्षा हुई, जबकि हिसार में हल्की वर्षा दर्ज की गई।
-1792889727596_m.webp)
Haryana Weather: हरियाणा में बदला मौसम। फोटो जागरण
HighLights
सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी में ओलावृष्टि; हिसार में हल्की वर्षा।
रानियां में फसलों को नुकसान, मंडियों में किसान चिंतित।
आने वाले दिनों में मौसम खुश्क, 28 अक्टूबर को फिर बदलाव।
जागरण संवाददाता, हिसार। प्रदेश में शनिवार शाम को मौसम फिर से बदला गया। सिरसा, फतेहाबाद और भिवानी में वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। हिसार में हल्की वर्षा से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विज्ञानियों ने आने वाले दिनों में हवाएं बदलने और फिर से मौसम खुश्क होने की संभावना व्यक्त की। वहीं 28 अक्टूबर को फिर से मौसम बदल सकता है। वर्षा से आने वाले दिनों में तापमान कम हो सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से आने वाले समय में वर्षा की संभावना व्यक्त की है। इससे न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है। शनिवार शाम को अचानक से मौसम में बदलाव के चलते सिरसा के रानियां और भिवानी के तोशाम के क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई।
वर्षा के साथ ठंडी हवाएं भी चली। इसी के साथ ही हिसार के काफी क्षेत्र में हल्की वर्षा हुई। आने वाले दिनों में अभी विज्ञानियों ने मौसम साफ रहने की संभावना व्यक्त की है।
रानियां में तेज वर्षा के ओलावृष्टि
शनिवार शाम पांच बजे आसमान में बादलों की काली घटाएं छाने के साथ ही रानियां में तेज वर्षा के साथ हल्की ओलावृष्टि ने दस्तक दे दी। जिससे रानियां व आसपास के गांवों में फसलों को हल्का नुकसान भी पहुंचा है। वहीं सिरसा के गांव दड़बी, सिकंदरपुर, डिंग रोड व आसपास के गांवों में वर्षा हुई है।
जबकि सिरसा में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चली है। जिसके कारण किसानों की मुश्किलें अब बढ़ गई। शाम पांच बजे ही बादलों की काली घटाएं छाने पर जिले में अंधेरे की स्थिति बन गई।
वहीं धान से अटी पड़ी मंडियों में किसान तिरपाल की व्यवस्था करने में जुटे है ताकि वर्षा से फसलों को बचाया जा सके। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.6 व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया है।
तापमान का ब्योरा (डिग्री सेल्सियस में)
जिला न्यूनतम अधिकतम
अंबाला
18
31.6
भिवानी
15.5
33
फरीदाबाद
18.5
32.6
गुरुग्राम
16.8
30.4
हिसार
18.3
32.5
करनाल
17.5
31.7
कुरुक्षेत्र
19.4
31.4
नारनौल
15.5
32
पानीपत
18.6
31.7
रोहतक
18
31.2
