Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, अब साफ रहेगा मौसम; बारिश की संभावना नहीं
हिसार में मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि वर्षा के बाद दिन के तापमान में हल्की वृद्धि हुई है। ...और पढ़ें
-1792175871469_m.webp)
Haryana Weather: हरियाणा में अब साफ रहेगा मौसम। फाइल फोटो
HighLights
हिसार में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
रात के तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट संभव।
दिन में धूप खिलने से तापमान में उछाल।
जागरण संवाददाता, हिसार। मौसम में बदलाव के साथ ही हरियाणा में वर्षा के बाद तापमान में हल्की वृद्धि हुई है। आने वाले दिनों में भी मौसम साफ रहेगा। इसके साथ ही तापमान में गिरावट होने की संभावना बन सकती है। वहीं, रात के तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन तक मौसम साफ रहने के साथ रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। अभी रात का तापमान 17 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। वहीं, दिन के समय धूप खिलने के कारण हिसार के तापमान में पांच डिग्री का उछाल दर्ज किया गया।
दिन में धूप, सुबह-शाम ठंडक
करनाल में बारिश के बाद करनाल में मौसम का मिजाज सुहावना बना हुआ है। हालांकि शुक्रवार को दिन में धूप निकलने से मौसम गर्म रहा। वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता 59 प्रतिशत रही।
मौसम के इस बदलाव के बीच आने वाले 24 घंटों में आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है। अक्टूबर के मध्य में तापमान में आई गिरावट से दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस होने लगा है।
दोपहर में धूप के कारण हल्की गर्माहट बनी रहती है, लेकिन सूरज ढलने के बाद तापमान कम होने से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा हो जाता है। ऐसे में सुबह सैर पर निकलने वाले लोगों और शाम को बाहर समय बिताने वालों को मौसम में बदलाव साफ महसूस हो रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, अब साफ रहेगा आसमान
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हाल में हुई बारिश और गरज-चमक के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और उससे जुड़ी मौसमी गतिविधियां प्रमुख कारण रहीं। अब मौसम प्रणालियां आगे बढ़ रही हैं और मैदानी क्षेत्रों में उनका प्रभाव कमजोर पड़ने लगा है। इसके चलते करनाल सहित हरियाणा के कई इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम के शुष्क होने से आसमान में बादलों की आवाजाही कम हो सकती है और दिन में धूप खिलने के आसार हैं। फिलहाल अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। इससे लोगों को दैनिक गतिविधियों के लिए अनुकूल मौसम मिलने की उम्मीद है।
