विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में अंत्योदय परिवारों को मिलेगा दो महीने का 58 KG गेहूं, BPL कार्ड पर प्रति सदस्य मिलेगा 9 किलो

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:00 PM (IST)

हरियाणा में बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना के कार्ड धारक सितंबर में सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का गेहूं एक ...और पढ़ें

अंत्योदय परिवारों को मिलेगा दो महीने का 58 KG गेहूं (फाइल फोटो)

अंत्योदय परिवारों को मिलेगा दो महीने का 58 KG गेहूं (फाइल फोटो)


HighLights

  1. अंत्योदय कार्ड धारक सितंबर में 58 किलो गेहूं एक साथ ले सकते हैं

  2. बीपीएल परिवारों को प्रति सदस्य 9 किलो गेहूं और चीनी मिलेगी

  3. अक्टूबर में गेहूं के साथ बाजरा और दो मिट्टी के दीये भी मिलेंगे

जागरण संवाददाता, हांसी। बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना के कार्ड धारक सितंबर में ही सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का गेहूं एक साथ ले सकते हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने लाभार्थियों को दो माह का गेहूं एक साथ अथवा अलग-अलग महीने में लेने की सुविधा दी है। सितंबर में केवल गेहूं दिया जाएगा, जबकि अक्टूबर में गेहूं के साथ बाजरा भी मिलेगा।

प्रत्येक पात्र परिवार को दो मिट्टी के दीये निशुल्क दिए जाएंगे। गुलाबी यानी अंत्योदय कार्ड धारक परिवार दोनों महीनों का कुल 58 किलो गेहूं सितंबर में ले सकता है। जो परिवार सितंबर में केवल उसी महीने का गेहूं लेगा, उसे अक्टूबर में 23 किलो गेहूं और 12 किलो बाजरा मिलेगा। दोनों महीने का गेहूं पहले लेने वाले परिवार को अक्टूबर में केवल 12 किलो बाजरा दिया जाएगा।

बीपीएल परिवारों को सितंबर और अक्टूबर का मिलाकर प्रति सदस्य नौ किलो गेहूं मिलेगा। अक्टूबर में प्रति सदस्य चार किलो गेहूं और एक किलो बाजरा तय किया गया है। बीपीएल परिवारों को 13 रुपये 50 पैसे प्रति किलो की दर से एक किलो चीनी भी दी जाएगी। विभाग ने सभी डिपो धारकों को राशन वितरण में पारदर्शिता रखने और लाभार्थियों को दोनों विकल्पों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। कार्ड धारक अपने नजदीकी राशन डिपो पर जाकर सुविधा का लाभ ले सकते हैं।

गुलाबी कार्ड पर ऐसे मिलेगा दो माह का राशन

अंत्योदय अन्न योजना के गुलाबी कार्ड धारक परिवार को सामान्य रूप से एक महीने में 35 किलो अनाज दिया जाता है। अक्टूबर के कोटे में 23 किलो गेहूं और 12 किलो बाजरा शामिल है।

सितंबर का 35 किलो और अक्टूबर का 23 किलो मिलाकर परिवार सितंबर में कुल 58 किलो गेहूं ले सकता है। ऐसे परिवार को अक्टूबर में केवल 12 किलो बाजरा मिलेगा। जो परिवार अक्टूबर का गेहूं पहले नहीं लेना चाहता, वह सितंबर में 35 किलो गेहूं ले सकता है। इसके बाद अक्टूबर में उसे 23 किलो गेहूं और 12 किलो बाजरा दिया जाएगा।

बीपीएल परिवार को प्रति सदस्य मिलेगा गेहूं और बाजरा

बीपीएल कार्ड धारकों को सितंबर और अक्टूबर के लिए प्रति सदस्य कुल नौ किलो गेहूं लेने की सुविधा दी गई है। इसमें सितंबर का पांच किलो और अक्टूबर का चार किलो गेहूं शामिल है।

अक्टूबर में प्रत्येक सदस्य के हिसाब से एक किलो बाजरा अलग से दिया जाएगा। कोई परिवार दोनों महीनों का गेहूं सितंबर में लेता है तो अक्टूबर में उसे केवल बाजरा मिलेगा। बीपीएल परिवार को 13 रुपये 50 पैसे प्रति किलो की दर से एक किलो चीनी भी दी जा रही है। राशन लेते समय कार्ड धारक को मशीन पर अपनी पहचान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

हांसी क्षेत्र में करीब 70 हजार राशन कार्ड धारक

हांसी क्षेत्र में करीब 70 हजार राशन कार्ड धारक हैं। इनमें पांच हजार से अधिक अंत्योदय और 60 हजार से अधिक बीपीएल परिवार शामिल बताए गए हैं। इन कार्डों से जुड़ी करीब 92 हजार इकाइयां योजना का लाभ लेती हैं।

जिले में करीब डेढ़ लाख पात्र परिवार सार्वजनिक वितरण व्यवस्था से जुड़े हैं। इनमें सवा लाख से अधिक बीपीएल और 10 हजार से अधिक अंत्योदय परिवार बताए गए हैं। विभाग ने लाभार्थियों से राशन लेते समय मात्रा की जांच करने और परेशानी आने पर संबंधित अधिकारी अथवा निशुल्क सहायता नंबर पर शिकायत करने की अपील की है। बाजरा केवल अक्टूबर में ही दिया जाएगा।