10वीं में लड़कियों ने फिर मारी बाजी, प्रदेश के टॉप 10 में से सात बेटियां हिसार की
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सोमवार दोपहर क़रीब दो बजे दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया।
जेएनएन, हिसार :
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सोमवार दोपहर क़रीब दो बजे दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। 12वीं की तरह प्रदेशभर में इस बार हिसार के विद्यार्थी बोर्ड टॉप तो नहीं कर पाए, मगर टॉप 10 में बेटियों ने जरूर अपनी जगह बनाई है। परीक्षा परिणाम में में हिसार के 54.48 फ़ीसद विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इस परीक्षा में हिसार जि़ले के 28760 विद्यार्थियो ने हिस्सा लिया था। जिनमें से 15669 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
लड़कियों ने इस बार फिर लड़कों को पछाड़ दिया है जिले में लड़कियों का पास प्रतिशत 58.37 रहा। जिलेभर में 13357 लड़कियों ने यह परीक्षा दी थी। जिनमें से 7797 लड़कियां पास हुई।
वहीं लड़कों का परिणाम लड़कियों की तुलना में लगभग सात फीसद कम यानी 51.11 प्रतिशत रहा। जिले में 15403 लड़कों ने दसवीं कक्षा की परीक्षा दी थी जिनमें से 7872 विद्यार्थी पास हो पाए। ओवरऑल रिजल्ट में छटे स्थान पर रहा हिसार
चरखी दादरी 68.39
महेंद्रगड़ 63.77
रेवाडी 62.71
झज्जर 60.04
सोनीपत 54.73
हिसार 54.48 हिसार जि़ले में सबसे अधिक 287060 विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा दी थी। वहीं दूसरे नंबर पर जींद जिले के 24466 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
प्रदेश में सबसे अधिक 13357 छात्राएं हिसार की थी जिन्होंने दसवीं की परीक्षा दी थी। वहीं दसवीं कक्षा में जींद जिले के कार्तिक ने बोर्ड में टॉप किया है। उन्होंने 500 में से 498 अंक हासिल किए और जिसमें संस्कृत, मैथ और साइंस में कार्तिक को 100 में से 100 अंक मिले। कार्तिक एक सामान्य परिवार से हैं और उनके पिता पीडब्ल्यूडी में चौकीदार हैं। कार्तिक की माता का शुगर बीमारी के चलते एक साल पहले ही देहांत हुआ था, इसके बाद भी कार्तिक ने ये मुकाम हासिल कर लिया।