हरियाणा के हांसी में पुलिस ने बढ़ाई रात्रि गश्त और नाकाबंदी, 688 वाहनों की जांच में 165 के चालान
हांसी पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए रात्रि गश्त, नाकाबंदी और वाहनों की ...और पढ़ें

हरियाणा के हांसी में पुलिस ने बढ़ाई रात्रि गश्त और नाकाबंदी (जागरण फोटो)
HighLights
हांसी पुलिस ने रात्रि गश्त और नाकाबंदी तेज की।
कुल 688 वाहनों की जांच कर 165 चालान काटे गए।
वाहन चोरी व सेंधमारी के मामलों में कमी का दावा।
जागरण संवाददाता, हांसी। अपराध पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए हांसी पुलिस ने रात्रि गश्त, नाकाबंदी और वाहनों की जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर पुलिस टीमें रात के समय बाजारों, मुख्य मार्गों, कालोनियों और सुनसान क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि सक्रिय गश्त के कारण पिछले वर्ष की तुलना में वाहन चोरी और सेंधमारी के मामलों में कमी आई है।
रात के समय पैदल पुलिसकर्मियों के साथ राइडर, पीसीआर और आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन के माध्यम से गश्त की जा रही है। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ वाहनों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस की ओर से चलाए गए जांच अभियान के दौरान कुल 688 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन मिलने पर 165 वाहन चालकों के चालान किए गए। इनमें बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर आठ, निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चलाने पर 15 और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 37 चालान शामिल हैं। अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई।
एसपी विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने क्षेत्र में नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।
