हरियाणा में 31 दिनों से जारी हड़ताल के बीच अब किसानों की एंट्री, सोमवार से कर्मचारियों के साथ धरने पर डटने का एलान
हांसी नगर परिषद के सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की 31 दिन से चल रही हड़ताल में अब किसान-मजदूर यूनियन शामिल होगी।

हरियाणा में 31 दिनों से जारी हड़ताल के बीच अब किसानों की एंट्री (फाइल)
HighLights
हांसी में सफाई-अग्निशमन कर्मचारियों की 31 दिन से हड़ताल जारी
किसान-मजदूर यूनियन सोमवार से आंदोलन में सीधे शामिल होगी
कर्मचारी मांगों पर लिखित आदेश जारी होने तक अड़े
जागरण संवाददाता, हांसी। नगर परिषद के सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की 31 दिन से चल रही हड़ताल में अब किसान-मजदूर यूनियन की सीधी एंट्री होने जा रही है।
शनिवार को धरनास्थल पर पहुंचे किसान नेताओं ने कर्मचारियों के साथ प्रदर्शन करने के बाद सोमवार से आंदोलन में सीधे शामिल होने का एलान कर दिया।
किसान नेताओं का दावा है कि सोमवार को सैकड़ों किसान कर्मचारियों के समर्थन में धरनास्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद आंदोलन का दायरा बढ़ने की संभावना को देखते हुए कर्मचारी संघ ने भी धरनास्थल पर टेंट के लिए अधिक जगह तैयार करने की बात कही है।
दूसरी ओर काम पर लौटने के लिए दिए गए नोटिस का शनिवार तक असर दिखाई नहीं दिया और हड़ताल पर चल रहा कोई कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटा। कर्मचारियों ने धरनास्थल पर सरकार की ओर से जारी आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया और नारेबाजी की।
मांगों को लेकर लिखित आदेश जारी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कर्मचारी संघ के प्रधान बलजीत ने अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने का एलान करते हुए कहा कि मांगों को लेकर लिखित आदेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
अब तक कर्मचारियों तक सीमित आंदोलन में किसान-मजदूर संगठनों के उतरने के एलान ने सोमवार को होने वाले धरने को अहम बना दिया है। कर्मचारी नेताओं ने भी किसान संगठनों के फैसले का स्वागत करते हुए संयुक्त रूप से आंदोलन आगे बढ़ाने की बात कही है।
किसान नेता धर्मपाल बडाला और कपूर सिंह बामल ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अकेला न समझा जाए और अब किसान उनकी हर संभव मदद करेंगे। किसान नेताओं ने कर्मचारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार से तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की।
किसान-मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर केवल सहमति पर्याप्त नहीं है, उनसे संबंधित लिखित आदेश भी जारी होने चाहिए। सोमवार से किसान, मजदूर और कर्मचारी एक मंच पर आंदोलन करेंगे। नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी संघ के नेताओं ने इस समर्थन को आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अब बड़े टेंट की तैयारी, सोमवार के धरने पर नजर
किसान-मजदूर यूनियन की ओर से सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की घोषणा के बाद धरनास्थल पर व्यवस्था बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है।
प्रधान बलजीत के अनुसार टेंट का दायरा बढ़ाकर अधिक लोगों के बैठने के लिए जगह बनाई जाएगी। किसान नेताओं ने भी अपने साथियों से सोमवार को धरनास्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है।
आदेशों की प्रतियां जलाकर जताया विरोध
हड़ताल के 31वें दिन कर्मचारियों ने धरनास्थल पर सरकार के आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों को लेकर लिखित आदेश जारी होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को प्रदर्शन में किसान नेता दशरथ मलिक, प्रताप बडछप्पर, बलजीत सारसर, सुलेमान, रिंकू, सुरेंद्र खटक, अरुण चौहान, अशोक यादव और कपूर सिंह सहित किसान-मजदूर शामिल हुए।
