दो बच्चों व पति को छोड़ युवती ने किया था प्रेम विवाह, फंदे पर लटका मिला शव
जरिना ने तीन साल पहले अपने पति व दो बच्चों को छोड़ कर सुरेन्द्र के साथ प्रेम विवाह किया था। सुरेंद्र ने मायके में फोन कर कहा कि मिलने आएं काम है देखा तो बेटी का शव फंदे पर लटका था
भिवानी, जेएनएन। भिवानी में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आपसी कहासुनी के चलते जरिना के पति ने उसे मार कर फंदे पर लटकाया है। बताया जाता है कि जरिना ने तीन साल पहले अपने पति व दो बच्चों को छोड़ कर बैंक कालोनी निवासी सुरेन्द्र के साथ प्रेम विवाह किया था। फिलहाल पुलिस ने मृतका के दूसरे पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
चरखी दादरी जिला के कपूरी गांव निवासी फिरोज ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि जरिना की शादी भिवानी में हुई थी। जरिना दो बच्चों की मां थी। बावजूद इसके उसने अपने पति व बच्चों को छोड़कर तीन साल पहले बैंक कालोनी निवासी सुरेन्द्र के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। जरिना के परिजनों का आरोप है कि सुरेन्द्र बाइक व प्लाट की मांग को लेकर उसे शुरू से ही तंग करता था।
अब उनके पास फोन आया कि जरिना से मिलने आएं, जरूरी काम है। पर जब वो जरिना के घर पहुंचे तो वह फांसी के फंदे पर लटक रही थी। मृतका के भाई फिरोज व मां मुन्नी ने बताया कि आपसी कहासुनी व मांग के चलते सुरेन्द्र ने जरिना को मार कर फांसी के फंदे पर लटकाया दिया। पड़ोस की ही एक महिला की भी इसमें मिलीभगत होने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर की जांच
मामले की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया
----मृतका जरिना की मां मुन्नी की शिकायत पर मृतका के पति सुरेन्द्र के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
--राजेन्द्र सिंह,एएसआई, औद्योगिक थाना भिवानी