गुरुकुल का संचालक 12 छात्राओं से करता था गलत हरकत, गिरफ्तार
हिसार के हांसी में एक गुरुकुल में उसका संचालक छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता था। इस संबंध में 12 छात्राओं द्वारा शिकायत करने के बाद संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
जेएनएन, हांसी (हिसार)। यहां के एक गुरुकुल की 12 छात्राओं ने गुरुकुल के संचालक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इसकी जानकारी होने के बाद छात्राओं के परिवार वालों ने गुरुकुल में जमकर हंगामा किया और ज्यादातर अपनी बच्चियों को घर लेकर चले गए। पुलिस ने गुरुकुल के संचालक गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुरुकुल की महिला प्रिंसिपल के खिलाफ भी एफआइआर दर्ज की गई है। वह भाग निकलने में कामयाब रही।
12 छात्राओं ने की शिकायत, कहा-काफी समय से हो रही थी छेड़छाड़
डीएसपी नरेंद्र कादयान के अनुसार 12 छात्राओं ने अपने बयान में कहा है कि प्रिंसिपल उन्हें जबरदस्ती संचालक के कमरे में जाने पर मजबूर करती थी। कुछ अन्य छात्राएं भी पुलिस को बयान देने की बात कह रही हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस अन्य छात्राओं के बयान दर्ज भी कर रही है। डीएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में गुरुकुल से जुड़े हुए कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी इस प्रकरण में सामने आई है।
गुरुकुल में हैं 75 छात्राएं
बता दें कि वर्तमान में गुरुकुल में 75 छात्राएं हैं। इस घटना के बाद वहां 15 छात्राएं ही रह गईं हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए पांच पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। अन्य छात्राएं अपने परिवार वालों के साथ घर चली गई हैं।
-------
दुष्कर्म और लूट के मामले में सजा काट रहा कैदी पीजीआइ से फरार
रोहतक। गुरुग्राम की भोंडसी जेल से पीजीआइ में उपचार के लिए लाया गया कैदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। दुष्कर्म और लूट के मामलों में कैदी भोंडसी जेल में बंद था। देर शाम तक गुरुग्राम पुलिस और पीजीआइ थाना पुलिस कैदी की तलाश में लगे हुए थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है।
पुलिस के अनुसार, भोंडसी जेल में बंद गुरुग्राम के वजीराबाद निवासी भगवानदास पिछले कई दिनों से अपना स्वास्थ्य खराब बता रहा था। इस वजह से दोपहर के समय पुलिसकर्मी उसे लेकर पीजीआइ पहुंचे। उपचार मिलने से पहले ही कैदी भीड़ का फायदा उठाकर अचानक वहां से फरार हो गया।
काफी देर तक पुलिसकर्मी अपने स्तर पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कैदी का पता नहीं चला। इसके बाद पीजीआइ थाना पुलिस को सूचना दी गई। इस बारे में पीजीआइ थाना प्रभारी देवेंद्र मान ने बताया कि देर शाम तक गुरुग्राम पुलिस की तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। पुलिस अपने स्तर से ही कैदी की तलाश कर रही है।