हिसार में ट्रैक्टर हटाने को लेकर दो गुटों में फायरिंग, शराब ठेकेदार की हत्या
सूर्य नगर में शराब ठेकेदार और गलीवासी ईश्वर के बीच फायरिंग हुई। झगड़े में ठेकेदार बास गांव निवासी सुंदर पंघाल की मौत हो गई। इसमें उसके परिवार में भाई बिंदर और सोनू घायल हो गए।
हिसार, जेएनएन। लॉकडाउन के बावजूद आपराधिक घटनाएं नहीं रुक रही हैं। हिसार की शिव कॉलोनी में ट्रैक्टर हटाने को लेकर गली नंबर तीन में शराब ठेकेदार और गलीवासी ईश्वर के बीच फायरिंग हुई। झगड़े में ठेकेदार बास गांव निवासी सुंदर पंघाल की मौत हो गई। इसमें उसके परिवार में भाई बिंदर और सोनू घायल हो गए। झगड़े में दूसरे गुट का ईश्वर और उसका रिश्तेदार संजय भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके पर जांच में पुलिस को चार खोल मिले है।
पुलिस के अनुसार शराब ठेकेदार बिंदर, उसका भाई सुंदर और सोनू तीनों ब्रेजा गाड़ी में शिव कॉलोनी से होते हुए इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ जा रहे थे। बिंदर गाड़ी चला रहा था। आरोप है कि उसी दौरान गली नंबर तीन के पास ईश्वर ने ट्रैक्टर अड़ाया हुआ था। तीनों भाइयों ने गाड़ी से नीचे उतर कर ट्रैक्टर हटाने की बात कहीं ताकि वह गाड़ी निकाल सके। इस पर बात दोनों के बीच बहस हुई और ईश्वर व अन्य लोगों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया।
लाठी बिंदर के सिर पर लगी और गाड़ी को भी तोड़ दिया। बाद में किसी ने दूसरी तरफ से फायरिंग की। फायरिंग होते ही बिंदर ने अपनी पिस्तौल से करीब तीन राउंड फायरिंग की। झगड़े के दौरान सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर से काफी खून निकल रहा था। बिंदर ने अपने दोस्तों को मामले की सूचना दी। सुंदर को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल सोनू और बिंदर को भी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल ईश्वर पीजीआइ रेफर
वहीं बताया जाता है कि दूसरे गुट का ईश्वर भी घायल हो गया। घायल को लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए रोहतक रेफर कर दिया गया है। ईश्वर के ही घर पर आया रिश्तेदार ढाणी गारण निवासी संजय घायल हो गया। उसको भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ईश्वर की तरफ से पुलिस को बताया गया कि ट्रैक्टर हटाने को लेकर ही विवाद हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से तीन राउंड खाली खोल भी बरामद किए गए हैं। अस्पताल में डीएसपी अशोक कुमार ने घायलों से मामले की जानकारी ली। मृतक सुंदर की मौत सिर में डंडा लगने या गोली से हुई यह पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो पाएगा।