दिल्ली के लिए रवाना हुआ किसानों का जत्था
किसान सभा द्वारा लघु सचिवालय में चल रहे बेमियादी धरनास्थल से वीरवार सुबह सैकड़ों किसानों का जत्था सिघु बार्डर दिल्ली जाने के लिये जिला प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार के नेतृत्व में रवाना हुआ।
हिसार (वि)। किसान सभा द्वारा लघु सचिवालय में चल रहे बेमियादी धरनास्थल से वीरवार सुबह सैकड़ों किसानों का जत्था सिघु बार्डर दिल्ली जाने के लिये जिला प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार के नेतृत्व में रवाना हुआ। जत्थे में किसान नेता सूबे सिंह बूरा, सतबीर धायल, हनुमान जौहर, कृष्ण कुमार सावंत, रतन मात्रश्याम, दिनेश सिवाच, सुरेश कुमार, रमेश मिरकां, न्यौली के सरपंच राजबीर सिंह सहित अन्य किसान शामिल रहे। हिसार से गये किसानों ने दिल्ली में वीरवार को संयुक्त किसान मोर्चा की निर्णायक बैठक में भाग लिया।
जिला प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार ने बताया कि एक साल के संघर्ष के बाद आज केंद्र सरकार ने लिखित में सहमति दी है कि आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को शहादत का दर्जा, उचित मुआवजा व देश भर में किसानों पर दर्ज पुलिस केस वापिस लिये जाएंगे। देश के गृह मंत्री, कृषि मंत्री व आला अधिकारियों ने किसानों की मांगों पर सहमति जताई है। प्रेस सचिव सूबेसिंह बूरा ने बताया कि 11 दिसंबर को दिल्ली में बार्डरों पर बैठे किसान आंदोलन समाप्त करके अपने घरों को लौटेंगे। देश भर से आये किसानों का अपने-अपने प्रदेश में व हर टोल पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। किसानों की इन मांगों को लेकर अगले वर्ष 15 जनवरी को दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा की समीक्षा बैठक बुलाई गई है जिसमें केंद्र के साथ हुए समझौते पर कितना अमल किया गया, इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा।