नई नवेली दुल्हन निकली दो बच्चों की मां, दूल्हे के अरमानों पर फिरा पानी तो ऐसे खुली पोल
नई शादी का खुमार भी नहीं उतरा था कि सुभाष के साथ एक अनहोनी हो गई। पत्नी घर से जेवरात लेकर गायब हो गई सुभाष ने अपने स्तर पर खोजबीन की तो हकीकत जान उसके होश उड़ गए।
हिसार, जेएनएन। शादी का लड्डू खाए वो भी पछताए, जो न खाए वो भी पछताए, यह कहावत तो आपने कई बार सुनी होगी। मगर गांव मिरका के एक युवक के साथ इस कहावत जैसा ही वाकया घट गया। शादी का लड्डू खाना और बिना खोजबीन किए अनाथ महिला से शादी करना गांव मिरंका के सुभाष चंद्र को भारी पड़ गया।
नई शादी का खुमार भी नहीं उतरा था कि सुभाष के साथ एक अनहोनी हो गई। एक दिन पत्नी घर से जेवरात लेकर गायब हो गई सुभाष ने अपने स्तर पर खोजबीन की तो हकीकत जान उसके होश उड़ गए। महिला के माता-पिता जिंदा निकले तो जिस महिला से उसने शादी की थी वह पहले से शादीशुदा निकली साथ में उसके दो बच्चे भी मिले।
सुभाष चंद्र को जब अपने साथ धोखाधड़ी का पता चला तो वह पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस ने सुभाष चंद्र की शिकायत पर विवाह करने वाली कैमरी रोड निवासी महिला, शादी करवाने वाले सुभाष और कमलेश के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
गरीब और अनाथ बता शादी पर सवा लाख करवाए खर्च
पुलिस को दी शिकायत में गांव मिरकां निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि उसका कैमरी रोड स्थित मंदिर में आना जाना था। वहां पर उसकी मुलाकात सुभाष और कमलेश से हुई। धीरे-धीरे जान पहचान बढ़ गई और एक-दूसरे के घर आना जाना होने लगा। सुभाष की शादी नहीं हुई थी तो जुलाई 2018 में दोनों किरण नामक लड़की का रिश्ता लेकर आए। उन्होंने बताया कि लड़की के माता पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था और उसकी बुआ ने किरण को पाला है। वह अनाथ है। दोनों ने शादी का खर्च भी उठाने की बात कहीं, क्योंकि लड़की की बुआ गरीब है और खर्च वहन नहीं कर सकती है। दोनों की बात सुनकर शादी के लिए हां कर दी।
शादी में एक लाख 25 हजार रुपये नगद खर्च हुए और पत्नी को एक जोड़ी कानों के झुमके, एक सोने की अंगूठी, पाजेब आदि आभूषण दिए। वे मुझे शादी के लिए मीरपुर गांव ले गए। जहां पर पहले से चार-पांच लोग मौजूद थे। सुभाष ने एक महिला और एक लड़के से मिलवाया। महिला को लड़की की बुआ और लड़के को उसका बेटा बताया। वहां पर मेरी किरण नामक युवती से शादी करवा दी गई।
खोजबीन की तो पत्नी निकली दो बच्चों की मां
सुभाष ने बताया कि शादी के करीबन दो माह बाद पत्नी किरण की बुआ का फोन आया और कहा कि मेरी तबीयत खराब है। किरण को अग्रोहा में मेरे रिश्तेदार के यहां छोड़ आओ । मेरा चचेरा भाई किरण को अग्रोहा पर बताये हुए पते पर छोड़ आया। कुछ दिन बीत जाने के बाद भी किरण घर नहीं वापस लौटी तो किरण के नंबर पर फोन किया। फोन एक व्यक्ति ने उठाया और बोला कि किरण अब नहीं आएगी।
हमें शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है। जब हमने खोजबीन की तो सच सुनकर हम दंग रह गए। अग्रोहा में जिस महिला-पुरुष के पास किरण रह रही थी। वह उसके मां बाप है। इतना ही नहीं, किरण पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे है। सुभाष ने आरोप लगाया कि किरण अपने साथ लाखों रुपये के जेवरात लेकर आई है। वहीं कैमरी रोड निवासी सुभाष और कमलेश ने धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ठगे है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर किरण, कमलेश और सुभाष के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप