दीपावली पर आतिशबाजी के लिए दो घंटे की छूट दे सरकार
साथ ही पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान न पहुंचने का दावा किया है। इसमें कहा गया है कि प्रदेश में अरबों का पटाखा कारोबार है। पटाखे बजाने पर प्रतिबंध लगने से व्यापारियों को काफी नुकसान होगा।
जागरण संवाददाता, हिसार : दीपावली पर पटाखों की बिक्री और इसके बजाने पर पाबंदी लगाने के निर्णय के विरोध में हरियाणा फायर वर्क्स एसोसिएशन ने सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को पत्र लिखा है। पत्र में दीपावली के दिन आतिशबाजी के लिए दो घंटे की छूट देने की मांग की है। साथ ही पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान न पहुंचने का दावा किया है। इसमें कहा गया है कि प्रदेश में अरबों का पटाखा कारोबार है। पटाखे बजाने पर प्रतिबंध लगने से व्यापारियों को काफी नुकसान होगा।
एसोसिएशन के प्रधान बिजेंद्र बेनीवाल ने सीएम को लिखे पत्र में कहा कि सुप्रीम कोर्ट की हिदायतों की पालना करते हुए फायर वर्क्स में प्रदूषण न फैलाने का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। देशवासी रोशनी का पर्व दीपावली खुशियों से मनाते हैं। आतिशबाजी इसका मुख्य हिस्सा है। इस वर्ष अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है। मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने के बाद आई पहली दीपावली पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पटाखे बजाने की छूट दी है। इसके लिए उन्होंने कोई समय सीमा भी तय नहीं की है। इससे लोग खुलकर आतिशबाजी कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में कुछ देर के लिए आतिशबाजी में छूट देने से कोविड-19 के रोगियों को कोई नुकसान नहीं होगा। फायर वर्क्स कारोबार को होने वाले भारी नुकसान से बचाने के लिए प्रदेश सरकार से दो घंटे की छूट देने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने कहा कि सरकार के फैसले से पटाखा कारोबारियों को करोड़ों का नुकसान होगा।