Haryana By Election 2021: विधायक गोपाल कांडा के भाई गोबिंद कांडा ने ज्वाइन की भाजपा, बन सकते हैं ऐलनाबाद उपचुनाव में प्रत्याशी
Haryana By Election 2021 सिरसा के विधायक गोपाल कांडा के छोटे भाई गोबिंद कांडा रविवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। सिरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हाेंने विधिवत रूप से भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। गोबिंद कांडा का भाजपा ज्वाइन करना नए समीकरण बना सकता है।
जागरण संवाददाता, सिरसा : Haryana By Election 2021: हरियाणा लोकहित पार्टी के उपाध्यक्ष और सिरसा के विधायक गोपाल कांडा के छोटे भाई गोबिंद कांडा रविवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। सिरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हाेंने विधिवत रूप से भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। ऐलनाबाद उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी का ऐलान करने से पहले गोबिंद कांडा का भाजपा ज्वाइन करना नए समीकरण बना सकता है। संभवत भाजपा गोबिंद कांडा पर ऐलनाबाद में दाव खेल सकती है।
गोबिंद कांडा सिरसा में पूरी तरह सक्रिय है। बाबा तारा कुटिया के सेवक के तौर पर वे धार्मिक आयोजनों में भाग लेते रहते हैं। इसके अलावा बड़े भाई गाेपाल कांडा की गैर मौजूदगी में राजनीति में भी पूरी सक्रियता दिखाते हैं। गोबिंद कांडा रानियां विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। हलोपा सीट से वे वर्ष 2019 तथा वर्ष 2014 में चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों बार ही वे दूसरे स्थान पर रहे हैं। वर्ष 2019 में रानियां सीट से आजाद चौ. रणजीत सिंह विजयी रहे थे, उन्हें 53825 वोट मिले थे जबकि गोबिंद कांडा को 33394 वोट मिले थे और वे 19431 के अंतर से हार गए थे। वर्ष 2014 में गोबिंद कांडा इनेलो प्रत्याशी रामचंद कंबोज से हारे थे। उस चुनाव में रामचंद कंबोज को 43971 वोट मिले थे जबकि गाेबिंद कांडा को 39656 वोट मिले थे और वे 4315 वोटों से हारे थे।
पिता रहे हैं पुराने जनसंघी
गोपाल- गोबिंद कांडा के पिता मुरलीधर कांडा एडवोकेट आरएसएस से जुडे हुए थे। वर्तमान में गोपाल कांडा भी प्रदेश की भाजपा सरकार को समर्थन दे रहे हैं। गोपाल कांडा की प्रदेश सरकार से निकटता के चलते गोबिंद कांडा को टिकट मिलना लगभग फाइनल है।
बता दें कि बीते विधानसभा चुनावों में गोपाल कांडा ने बीजेपी को बाहर से समर्थन किया था और अभी भी वे बीजेपी के साथ बने हुए हैं। ऐसी स्थिति में भाई का बीजेपी ज्वाइन करना यह दर्शा रहा है कि यह एक सोच समझकर लिया गया फैसला है। इनेलो की ओर से ऐलनाबाद में अभय चौटाला को प्रत्याशी करते ही यह खबर भी सामने आ गई। इससे कई नए समीकरण बनने के कयास लगाए जा रहे हैं।