गलत बयानबाजी कर आंदोलन को भड़का रहे महाप्रबंधक
डिपो महाप्रबंधक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। उनकी नकारात्मक कार्यप्रणाली व मनमानी के चलते कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद महाप्रबंधक गलत बयानबाजी कर आंदोलन को भड़काने का काम कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, हिसार : रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर तालमेल कमेटी के बैनर के नीचे रोडवेज कर्मचारियों की क्रमिक भूख हड़ताल बुधवार को आठवें दिन भी जारी रही।
तालमेल कमेटी के वरिष्ठ सदस्य प्रधान अरुण शर्मा, राजपाल नैन, सुरजमल पाबड़ा, सुभाष ढिल्लो, राजकुमार चौहान ने कहा कि डिपो महाप्रबंधक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। उनकी नकारात्मक कार्यप्रणाली व मनमानी के चलते कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद महाप्रबंधक गलत बयानबाजी कर आंदोलन को भड़काने का काम कर रहे हैं।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि महाप्रबंधक को डिपो में माहौल खराब करने की बजाय कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने का काम करना चाहिए। महाप्रबंधक की नकारात्मक कार्यप्रणाली व मनमानी से कर्मचारियों में भारी रोष है। इसी को लेकर वीरवार को सुबह 11 बजे रोडवेज प्रांगण में प्रदर्शन कर महाप्रबंधक का पुतला फूंका जाएगा।
भूख हड़ताल पर आजाद सिवाच, लीला राम, प्रदीप सिंह, सुनील कुमार व विनोद कुमार बैठे। क्रमिक भूख हड़ताल की अध्यक्षता डिपो प्रधान अरुण शर्मा, राजपाल नैन, सूरजमल पाबड़ा, सुभाष ढिल्लो, राजकुमार चौहान ने संयुक्त रूप से की।