नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, भाग रहे एक आरोपित को पकड़ परिजनों ने धुना
पीडि़ता ने कहा रात करीब 9 बजे वह लघुशंका के लिए उठी थी। बाइक पर आए सुधीर गोदारा और डुडी युवक उसका मुंह दबाकर उठा ले गए। दोनों ने दुष्कर्म किया। आरोपितों ने कहा सारी कहानी झूठी है
डबवाली (सिरसा) जेएनएन। दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। मगर सिरसा जिले में कुछ अलग ही तरह का मामला सामने आया है। जिसमें पीडि़ता ने दुष्कर्म की अलग कहानी बताई तो आरोपित कुछ और ही बयान दे रहे हैं। डबवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग का अपहरण करके दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीडि़ता के अनुसार रात करीब 9 बजे वह लघुशंका के लिए उठी थी। उसके पिता पानी की बारी लगाने के लिए खेत में गए हुए थे। इसलिए घर दरवाजा खुला था। बाइक पर आए सुधीर गोदारा और डुडी नामक युवक उसका मुंह दबाकर उठा ले गए। दोनों ने दुष्कर्म किया।
बाद में आरोपित उसे घर में फेंककर चले गए। भागते समय आरोपित सुधीर घर के आंगन में गिर गया। शोर सुनकर परिजनों की आंख खुल गई। उसे पकड़कर खूब पीटा। बाद में परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। देर रात पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपित को उपमंडल नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया। अस्पताल में आरोपित के वार्ड के बाहर पुलिस तैनात की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधर आरोपित सुधीर गोदारा ने कहा है कि वह बेकसूर है। उसका कहना है कि किशोरी बार-बार उसे कॉल करती थी। रात को वह डबवाली रेलवे स्टेशन पर जाना चाहती थी, इसलिए उसे बाइक पर बुलाया था। उसे समझाया तो वह मान गई। वापस घर छोडऩे आया तो उसके परिजनों ने उस पर रॉड से हमला कर दिया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है मगर साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि आखिर पूरा मामला क्या है।
--------
पीडि़ता की शिकायत पर सुधीर तथा उसके साथी डुडी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
-सत्यवान, शहर थाना प्रभारी, डबवाली।