हिसार में पत्नी और बेटे को बचाने के लिए जलघर की डिग्गी में कूदा पति, दंपती की डूबने से मौत; बच्चे की जान बची
गांव गैबीपुर में घरेलू मनमुटाव के चलते एक पति-पत्नी की जलघर के टैंक में डूबने से मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें
-1792221678216_m.webp)
डिग्गी में डूबने से दंपती की मौत (जागरण फाइल)
HighLights
गैबीपुर में जलघर के टैंक में पति-पत्नी की मौत
घरेलू मनमुटाव के कारण हुआ यह दर्दनाक हादसा
ढाई साल का बच्चा सुरक्षित, पुलिस जांच जारी
संवाद सहयोगी, बरवाला। गांव गैबीपुर में शुक्रवार सुबह घरेलू मनमुटाव के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। जलघर की डिग्गी के टैंक में डूबने से पति और सात माह की गर्भवती पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका ढाई से तीन साल का बेटा बच गया। मृतकों की पहचान गांव गैबीपुर निवासी 32 वर्षीय राजकुमार उर्फ गोलू और उसकी 30 वर्षीय पत्नी सुनीता के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सुनीता ने बेटे के साथ जलघर के टैंक में छलांग लगा दी थी और उन दोनों को बचाने के लिए पति राजकुमार भी टैंक में कूद गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया और तीनों को बाहर निकाला, लेकिन पति-पत्नी की जान नहीं बच सकी। हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उपचार जारी है।
मायके जाने के लिए घर से निकली थी
महिला जानकारी के अनुसार, राजकुमार मजदूरी करता था। पति-पत्नी के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार सुबह सुनीता अपने ढाई से तीन साल के बेटे के साथ मायके गांव सुलखनी जाने के लिए घर से निकली थी। घर के नजदीक ही गांव का जलघर बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि सुनीता जलघर की पटरी के पास पहुंची और उसने बेटे के साथ टैंक में छलांग लगा दी। पत्नी और बच्चे को पानी में देखकर राजकुमार भी उन्हें बचाने के लिए डिग्गी में कूद गया।
शोर सुनकर पहुंचे दो युवक, बचाव के लिए डिग्गी में उतरे
घटना के दौरान शोर सुनकर नजदीक रामलीला ग्राउंड में मौजूद दो युवक मौके पर पहुंचे। तैरना जानने वाले युवकों ने डिग्गी में उतरकर बचाव का प्रयास किया। उन्होंने बच्चे और राजकुमार को बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां राजकुमार को बचाया नहीं जा सका। सुनीता शुरुआत में डिग्गी के भीतर नहीं मिली। बाद में बचाव कार्य में जुटे लोगों ने टायर की मदद से उसे बाहर निकाला, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, शनिवार को होंगे परिजनों के बयान
हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दमकल विभाग की गाड़ी, एंबुलेंस और ग्रामीण मौजूद रहे। जांच अधिकारी एएसआई फलेल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के जलघर के टैंक में एक महिला, एक बच्चा और एक व्यक्ति डूब गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजकुमार और सुनीता के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। राजकुमार के शराब पीने का आदी होने और सुनीता के उसे शराब पीने से रोकने की बात भी सामने आई है। अभी तक परिजनों के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। शनिवार को बयान लिए जाएंगे, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
