शादी में आई नाबालिग लड़की की अस्मत लूटने का कर रहे थे प्रयास, पहुंच गई मां
लड़की के घर के पास मौजूद चार युवकों ने नाबालिगा को पकड़ लिया और उसका मुंह बंद कर खींच कर उसे पास के एक मकान में ले गए और उसे बंधक बना लिया।
जाखल/फतेहाबाद, जेएनएन। बच्चियों से दुष्कर्म करने के मामले रुक नहीं रहे हैं। ताजा मामला फतेहाबाद जिले का है। जहां चार युवकों द्वारा एक नाबालिगा से दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों पर मामला दर्ज कर लिया है। वही एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पीडि़ता के पिता ने बताया कि उसकी लड़की रविवार देर शाम अपनी मां के साथ पड़ोस में ही एक शादी समारोह में गई थी। बताया गया है कि रात करीब 10 बजे लडकी अपनी मां के साथ वापस घर लौट रही थी, रास्ते में उसकी मां कुछ समय के लिए पास में ही खड़ी महिलाओं के पास रूक गई तो इसी दौरान लड़की के घर के पास मौजूद चार युवकों ने नाबालिगा को पकड़ लिया और उसका मुंह बंद कर खींच कर उसे पास के एक मकान में ले गए और उसे बंधक बना लिया।
इस दौरान युवकों ने नाबालिगा के साथ जोर जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब लड़की की मां घर पहुंची तो अपनी बेटी को ना पाकर परेशान हो गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसी कमरे में पहुंच गई जहां उसकी लड़की को बंधक बनाया हुआ था। महिला ने शोर मचा दिया। इसी दौरान लोग भी इकट्ठा हो गये। तीन युवक मौके से भागने में कामयाब रहे वहीं एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-- इस मामले में लड़की के बयान दर्ज किए गए हैं। बयानों में लड़की ने उसके पड़ोस के ही कुछ युवकों पर उससे जोर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर फिलहाल युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। लड़की ने प्रमाण पत्र मांगे गये है कि लड़की बालिग है या नाबालिग।
सुशीला, जांच अधिकारी महिला थाना टोहाना।