बडा हादसा : सीवर डिस्पोजल की सफाई करने कुएं में उतरे चार कर्मचारियों की मौत, अफरातफरी
मरने वाले चारों कर्मचारी जनस्वास्थ्य विभाग के है। कुएं से दो कर्मचारियों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है जबकि दो शव फिलहाल कुएं में ही हैं।
जेएनएन, रोहतक। रोहतक के मीट मार्केट के पीछे बने सीवर डिस्पोजल की सफाई करने के लिए कुएं में उतरे चार कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। मरने वाले चारों कर्मचारी जनस्वास्थ्य विभाग के हैं। कुएं से दो कर्मचारियों के शव को बाहर निकाल लिया गया है जबकि दो शव फिलहाल कुएं में ही है। घटना के बाद मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
बुधवार सुबह जनस्वास्थ्य विभाग के चार कर्मचारी मीट मार्केट के पीछे बने सीवर डिस्पोजल की सफाई के लिए कुएं में उतरे थे। कुछ देर बाद जब विभाग के एक अन्य कर्मचारी ने इन चारों को कुएं के बाहर से आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद कर्मचारी ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे विभाग के अधिकारियों ने भी कुएं के अंदर गए कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर अधिकारियों को कुछ गलत होने का अंदेशा हुआ। कुछ देर के बाद विभाग के कर्मचारी ने कुएं से दो कर्मचारियों को बेहोशी के हालत में बाहर निकाला व उपचार के लिए अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो कर्मचारियों का शव अभी भी कुएं में ही फंसा है।
बिना किसी बचाव उपकरण के कुएं में उतरे थे कर्मचारी
बताया जा रहा है कि कर्मचारी कुएं में बिना किसी बचाव उपकरण के ही उतरे थे। मृतकों में रोहतक निवासी रणजीत व संजय, कैथल निवासी अनील और उत्तरप्रदेश के मेरठ जिला निवासी संजय शामिल है। सूचना मिलने पर रोहतक के उपायुक्त आरएस वर्मा भी मौके पर जाकर अधिकारियों से मिले व शव को जल्द से जल्द निकालने के निर्देश दिए। घटनास्थल पर मौजूद विभाग के अधिकारियों ने मौत का कारण जहरीली गैस से दम घुटना बताया है। घटनास्थल पर मृतक के परिजन सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप