भाजपा के साथ दुष्यंत का गठबंधन फैमिली सेटलमेंट प्रोग्राम, जनता से धोखा किया : उमेद लोहान
जजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे उमेद लोहान ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चुनाव की फंडिंग भाजपा द्वारा ही की जा रही थी नहीं तो भाजपा इतने विश्वास से सरकार बनाने का दावा कैसे कर सकती है।
हिसार, जेएनएन। दुष्यंत ने बीजेपी से गठबंधन किया तो विरोधी नेता एवं कभी जजपा नेता रहे उमेद लोहान ने दुष्यंत चौटाला पर जमकर निशाना साथा है। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला ने भाजपा के साथ जाकर उन्होंने साबित कर दिया कि ये उनका भाजपा से न्यूनतम साझा कार्यक्रम नहीं बल्कि फेमिली सेटलमेंट प्रोग्राम है।
इसके साथ ही यह उस जनादेश का सीधा अपमान है जिसने भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी को अपना समर्थन दिया है। जजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे उमेद लोहान ने प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव की फंडिंग भाजपा द्वारा ही की जा रही थी नहीं तो भाजपा इतने विश्वास से सरकार बनाने का दावा कैसे कर सकती है। दुष्यंत चौटाला की माता नैना चौटाला ने भी ऑन रिकॉर्ड यह बात कही थी कि वे किसी भी पार्टी के साथ जा सकते हैं लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे।
लोहान ने कहा कि विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा की खिलाफत करने वाले दुष्यंत चौटाला के लिए क्या अब वे सभी मुद्दे सही हो गए जो उन्होंने चुनाव से पूर्व उठाए थे। उमेद लोहान ने इस समर्थन को अलोकतांत्रिक व घोर अवसरवादी बताते हुए कहा कि यह 64 फीसद जनादेश का अपमान है जो लोगों ने दुष्यंत चौटाला की पार्टी को दिया है।
अपने संकल्प पत्र में रोजगार कानून लागू करवाने, वृद्धावस्था पेंशन 5100 करवाने, फसलों का समर्थन मूल्य का कानून बनाने व बोनस, सरपंच का मानदेय 8000 व पंच का 3000 करवाने, गांवों में शराब ठेके बंद करने, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बाहली, किसानों व छोटे दुकानदारों का सहकारी कर्ज माफ करने, मोटर व्हिकल एक्ट में संशोधन करवाने व चालान दरों को कम करने सहित अनेक घोषणाएं की हैं।यदि दुष्यंत चौटाला भाजपा सरकार से इन घोषणाओं को लागू नहीं करवा पाते तो वे उचाना में दुष्यंत चौटाला का पुतला जलाकर उनका विरोध जताएंगे।