फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों को कुचलते हुए 80 फीट नीचे गिरी कार, पांच की मौत
हिसार में रात करीब 1.30 बजे शहर की ओर से आ रही अरटिका कार डिवाइडर से टकरा गई। पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार पुल के फुटपाथ पर सोए मजदूरों को कुचल करीब 80 फुट ऊंचे पुल से नीचे जा गिरी
हिसार, जेएनएन। देर रात करीब 1.30 बजे शहर की ओर से आ रही अरटिका कार डिवाइडर से टकरा गई। बताया गया है कि उसमें तीन लोग सवार थे। वहीं पीछे से आ रही एक तेजरफ्तार आइ-20 कार चालक नियंत्रण खो बैठा और पुल के फुटपाथ पर सोए मजदूरों को कुचल पुल की ग्रिल को तोड़ती हुई करीब 80 फीट ऊंचे पुल से नीचे करीब 100 मीटर दूर नीचे जा गिरी। कार के कुचलने से पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार ड्राइवर समेत नौ लोग घायल हो गए।
नीचे गिरी कार में सिर्फ चालक सवार था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पांचों मृतकों के शवों को शवगृह में रखवा दिया गया है।परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। बीएंडआर विभाग की ओर से जिंदल पुल पर मस्टिक लेयर बिछाने का काम कराया जा रहा है। ऐसे में विभाग की लेबर पुल के ऊपर ही सोई हुई थी और पुल को वन-वे किया गया था।
घायल आइ-20 कार सवार चालक की पहचान नहीं हो पाई। हालांकि दस्तावेजों के आधार पर उसका पता सेक्टर-15ए का था। मगर, वहां पर कोई दूसरा ही परिवार रह रहा था। ऐसे में पुलिस उसके परिजनों को सूचना नहीं दे पाई। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
बिहार के रहने वाले थे मृतक
पुल पर मास्टिक लेयर डालने वाली लेबर बिहार की रहने वाली है। मरने वाले पांचों लोग बिहार के खगडिय़ा और सहरसा के रहने वाले हैं। मृतकों में नीरज, विकास, चंदकिशोर, गांव बेला पिंगरा, जिला खगडिय़ा, जबकि दो अन्य मृतक अवधेश और चंकेश्वर गांव भादा, जिला सहरसा , के रहने वाले थे।
ये हुए घायल
घायलों में आठ लोग भूषण, गोविंद, शंकर, इंद्र, सतन, नितेश, विकास और सुभाष के गांव बेला पिंगरा, जिला खगडिय़ा, बिहार के रहने वाले हैं। जबकि आइ-20 के चालक की पहचान नहीं हो पाई है।