जमीन के झगड़े में दो भाइयों में अंधाधुंध फायरिंग, छर्रे लगने से कई लोग घायल
पटवापुर वासी धर्मपाल का अपने सगे भाई रामफल के साथ प्लाट के लिए विवाद चल रहा था। सारा परिवार शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। इसी बीच मौके का फायदा उठाते हुए धर्मपाल ने रातों रात प्लाट की चारदीवारी करा दी। सोमवार सुबह इस पर झगड़ा हो गया।
हिसार/रोहतक, जेएनएन। रोहतक में गोली चलने का मामला सामने आया है। आपसी रंजिश में लोग एक दूसरे के खून के पयासे बने हुए हैं। ऐसी ही एक और घटना घटी है। कलानौर कस्बे के गांव पटवापुर में जमीन के विवाद के चलते दो सगे भाइयों में विवाद के बाद मामला इतना बिगड़ गया कि एक भाई ने दूसरे पर बंदूक से कई राउंड फायर कर दिए। छर्रे लगने से आसपास के कई और लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पटवापुर वासी धर्मपाल का अपने सगे भाई रामफल के साथ प्लाट के लिए विवाद चल रहा था। रविवार को परिवार में भतीजी की शादी थी। सारा परिवार शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। इसी बीच मौके का फायदा उठाते हुए धर्मपाल ने रातों रात प्लाट की चारदीवारी करा दी। सुबह जब इस बात का पता रामफल को चला तो वह प्लाट की तरफ गया। प्लाट में चारदीवारी खिंची देख उसका अपने भाई धर्मपाल से वाद विवाद हो गया। इसके बाद धर्मपाल ने तैश में आकर बंदूक से कई राउंड फायरिंग कर दी।
इन लोगों को लगे गोली के छर्रे
फायरिंग से निकले छर्रे लगने से भूपेंद्र पुत्र रोहताश(35), शिव कुमार पुत्र भूपेंद्र (18 ), आशु पुत्र राजीव (13) घायल हो गए। जबकि मीना पत्नी भूपेंद्र व किरण पत्नी बिजेंद्र की डंडों से पिटाई की। रामफल किसी तरह पेड़ के पीछे छिपे होने के चलते बच गया। 70 वर्षीय रामफल सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त है। जबकि उसका भाई धर्मपाल बीएसएफ से सेवानिवृत्त है।
फायरिंग का आरोपित और पत्नी भी घायल
बताया जा रहा है कि धर्मपाल व उसकी पत्नी भी झगड़े में घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल कलानौर पहुंचाया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।