चाचा रणजीत चौटाला बोले, अभय-अजय मेरे घर आए थे मिलने, नहीं हुई राजनीतिक बात
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि अभय सिंह चौटाला और अजय सिंह चौटाला घर पर मिलने आए थे। किसी भी रूप में कोई राजनीति बात नहीं हुई।
हिसार, जेएनएन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि अभय सिंह चौटाला और अजय सिंह चौटाला घर पर मिलने आए थे। किसी भी रूप में कोई राजनीति बात नहीं हुई। वह पहले भी आते रहते हैं। इनेलो में जाने की अफवाह पर चौटाला ने कहा कि वह कांग्रेस के सिपाही है और उसी में रहेंगे।
उन्होंने इनेलो की आपसी लड़ाई और राजस्थान चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में आने परिणाम का असर हरियाणा की राजनीति पर आने की बात कही। वह सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एकतरफा कांग्रेस के पक्ष में परिणाम आने है। बहुमत के साथ ही कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री और भाजपा के खिलाफ माहौल बना हुआ है। वहां पर हर जगह सिर्फ कांग्रेस की चर्चा है। उन्होंने कहा कि चार और पांच दिसंबर को रैली होने के कारण ही उन्होंने दो दिन पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इनेलो की लड़ाई से कांग्रेस को फायदा चौटाला ने इनेलो की लड़ाई पर बोलते हुए कहा कि इनेलो के कार्यकर्ताओं को तय करना है वह किस तरफ जाएंगे।
लेकिन उनकी लड़ाई का फायदा कांग्रेस को होगा। सिद्धू के पाकिस्तान जाने के सवाल पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि वह किसी बात को लेकर गंभीर नहीं होते। जबकि नेता को गंभीर होते हुए अपनी बात पर स्टैंड रखना चाहिए। चुनाव लड़ने के सवार पर चौटाला ने कहा कि वह विधानसभा में रानिया का चुनाव लड़ेंगे। बाकी पार्टी उनको जो जिम्मेदारी देगी उसकी पालना की जाएगी।