सुबह पिता ने facebook पर लगाई बेटे के साथ फोटो, एक घंटे बाद मिली हत्या की सूचना
जतिन फरीदाबाद की डिजी केयर कंपनी में कार्यरत था। वह काफी समय से फरीदाबाद में ही रहता था। सोमवार को फरीदाबाद में जतिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
रोहतक, जेएनएन। फरीदाबाद में रोहतक के जतिन कथूरिया की हत्या के बाद शव रोहतक के सुभाष नगर स्थित उसके पैतृक मकान पर लाया गया। जिसके बाद श्मशानघाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया। जतिन की मौत के बाद उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जतिन के पिता ने हत्याकांड से करीब एक घंटा पहले ही अपने बेटे के साथ फेसबुक पर कवर फोटो लगाया था। उन्हें क्या पता था कि एक घंटा बाद ही बेटे की हत्या की सूचना मिलेगी।
बता दें, कि सुभाष नगर निवासी मदनगोपाल कथूरिया एमडीयू के डिप्टी रजिस्ट्रार के पद से रिटायर्ड है। उनका 32 वर्षीय जतिन फरीदाबाद की डिजी केयर कंपनी में कार्यरत था। वह काफी समय से फरीदाबाद में ही रहता था। सोमवार को फरीदाबाद में जतिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के कुछ देर बाद परिजनों के पास फोन आया, जिसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई।
जतिन की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर शव को पैतृक मकान पर लाया गया। शव के घर पर पहुंचते ही जतिन की मां के साथ-साथ परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। इसके बाद गमगीन माहौल में शमशानघाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मुहल्लेवासियों का कहना है कि जतिन के माता-पिता उसे बेहद प्यार करते थे।
दो बहनों में वह इकलौता भाई था। जतिन के पिता ने सोमवार सुबह करीब 9:56 बजे बेटे के साथ फेसबुक पर कवर फोटो लगाया था। करीब एक घंटा बाद जब उन्हें जतिन की हत्या की सूचना मिली तो विश्वास ही नहीं कर सके। जिसके बाद परिवार के लोग फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए थे। पीडि़त परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।