अब बैठकर ही नहीं खड़े-खड़े भी काट पाएंगे फैसल, पराली की समस्या से भी मिलेगी निजात
यह औजार सिर्फ कानपुर में तैयार होता है। इस औजार की मदद से किसान एक एकड़ में खड़ी फसल को 9 घंटे में अपने हाथों से काट सकता है। किसानों को इसका डेमो भी दिखाया गया।
हिसार, जेएनएन। सरसों या एक आध फसल को छोड़ दिया जाए तो आमतौर पर बाकी फसलें किसानों को बैठकर ही काटनी पड़ती है। मगर अब किसान खड़े होकर ही फसल काट पाएंगे। इतना ही नहीं अब पराली की समस्या भी लोगों को परेशान नहीं करेगी। क्योंकि कानपुर में बने एक हस्ताचालित औजार की मदद से फसल को जड़ से काटा जा सकेगा। जैविक खेती करने वाले किसानों का हौंसला बढ़ाने और उनकी लागत को कम कर आमदनी बढ़ाने के लिए कानपुर से आई टीम ने वित्तमंत्री के पैतृक गांव खांडाखेड़ी का दौरा किया। यहां उन्होंने जैविक खेती करने वाले किसान ग्रुप से मुलाकात की।
टीम ने कानपुर में बने हस्तचालित औजार 'विकल्प साइथ' का खेतों में डेमो करके बताया। मौके पर सभी किसानों ने बारी-बारी से खुद इस औजार की मदद से फसल को काटकर देखा। इतना ही नहीं मोबाइल से इस औजार से फसल की कटाई का वीडियो भी शूट किया। इस औजार का उपयोग कोई भी कर सकता है। इसे चलाना एकदम आसान है।
इसकी मदद से किसी भी तरह की फसल, चारे और खरपतवार को काटा जा सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस औजार की कीमत दो एकड़ में फसल कटाई से आसानी से निकल जाती है। इस औजार की मदद से किसान अपनी फसल की लागत बचाकर आमदनी को बढ़ा सकते हैं। इस औजार की कीमत करीब 6000 रुपये है। यह औजार सिर्फ कानपुर में तैयार होता है। इस औजार की मदद से किसान एक एकड़ में खड़ी फसल को 9 घंटे में अपने हाथों से काट सकता है।
विकल्प साइथ के ये हैं फायदें
- जैविक खेती करने वाले किसान जहर मुक्त खेती के साथ पर्यावरण को भी नुकसान से बचा सकते हैं।
- किसान अपनी लागत कम करके आमदनी बढ़ा सकते हैं।
- यह फसल को जमीन से सटकर काटता है।
- पर्यावरण प्रदूषण की समस्या नहीं रहती, क्योंकि यह मशीन हस्तचालित है।
- गोशालाओं में चारे की फसल काटने में आसानी से उपयोग हो सकता है।
- इसका रखरखाव बहुत आसान है।
- इस औजार में उच्च क्वालिटी के लोहे का इस्तेमाल होता है जो इस औजार को खास बनाता है।
किसानों ने कहा, जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा
खांडाखेड़ी में किसान ग्रुप बनाकर जैविक खेती कर रहे कई गांवों के किसान खांडाखेड़ी में हस्तचालित औजार विकल्प साइथ को देखने पहुंचे। कंवारी गांव के उमेद सिंह, संदीप, सीसर गांव के अजमेर, खरबला गांव राजपाल, भिवानी के गांव तालू से ओमप्रकाश, मोखरा गांव से राम, भाटोल जाटान गांव से अनूप ङ्क्षसह व स्थानीय किसान भी विकल्प साइथ औजार को देखने पहुंचे।
ऐसे प्राप्त कर सकते हैं औजार
अगर आप खेती करते हैं और लागत को कम कर अपनी आमदनी बढ़ाना चाहते हैं तो यह औजार एक वरदान हो सकता है। इस औजार को ऑनलाइन घर बैठे ऑर्डर कर भी मंगवाया जा सकता है। डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू विकल्प डॉट टेक पर बेवसाइट पर जाकर ऑर्डर दे सकते हैं। इसके अलावा यू-ट्यूब डॉट कॉम स्लैश विकल्प पर जाकर भी ऑर्डर दे सकते हैं। इसके अलावा नया गांव के किसान विक्रम बिश्नोई को भी ऑर्डर देकर आप यह औजार मंगवा सकते हैं।