किसानों की चेतावनी- 27 को हिसार करेंगे बंद
किसानों ने भारत बंद की पूरी तैयारी कर ली है।
फोटो- 3
जागरण संवाददाता, हिसार : किसानों ने भारत बंद की पूरी तैयारी कर ली है। किसानों ने चेतावनी दी है कि 27 सितंबर को पूरी तरह से हिसार बंद रखा जाएगा। भारत बंद सुबह 6 से शाम 4 बजे तक रहेगा। इसको लेकर बुधवार को संयुक्त किसान मोर्चा एवं हिसार जिला के तमाम जन संगठनों की संयुक्त बैठक कर रणनीति बनाई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार ने की। संचालन श्रद्धानंद राजली ने किया।
मोर्चा के सदस्य श्रद्धानंद राजली ने बताया कि 27 सितंबर को भारत बंद के लिए हिसार जिला की तमाम जनता एवं घटक संगठनों से और समाज के सभी वर्गों से भारत बंद में सहयोग की अपील की है।
आपातकालीन सेवाओं को दी जाएगी छूट
किसान नेताओं ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं को छूट दी जाएगी। 150 से अधिक जगहों पर पूरे हिसार जिले में बंद रहेगा। नेशनल हाईवे, हाईवे, मुख्य चौपटे-चौक, हवाई अड्डा और रेल भी बंद रहेगी। एम्बुलेंस, अस्पताल, चिकित्सा सेवाओं, अग्निशमन सेवाओं जैसी आपातकालीन सेवाओं को छूट दी जाएगी।
यह सभी बंद रखने का किया एलान
बैठक में कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकारों के कार्यालयों, बाजारों, दुकानों और कारखानों, स्कूलों, कालेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों, विभिन्न प्रकार के सार्वजनिक परिवहन और निजी परिवहन, सार्वजनिक कार्य व अन्य कार्यक्रम बंद रहेंगे। बैठक में सूबे सिंह बूरा, सोमबीर पिलानियां, धर्मबीर लोहान, सुरेंद्र सैनी, रामेश्वर हरिकोट, दिलबाग हुड्डा, कुलदीप खरड़ ने हिस्सा लिया।
वर्जन
अभी तक हमारे पास किसानों के बंद से जुड़ी कोई जानकारी नहीं है। कोई आफिशियल जानकारी आती है तो वैसे ही प्रशासन निर्णय लेगा।
-डा प्रियंका सोनी, उपायुक्त