आंदोलन की जीत के बाद किसानों ने गांव में निकाला विजयी जुलूस
आदोलन की जीत के बाद किसानों ने गांव में निकाला विजयी जुलूस रामायणा टोल कमेटी के पदाधिकारियों को ग्रामीणों ने किया सम्मानित।
रामायण टोल कमेटी के पदाधिकारियों को ग्रामीणों ने किया सम्मानित
संवाद सहयोगी, हांसी : किसान आंदोलन में जीत के बाद गांवों में विजयी जुलूस निकाला गया। इस दौरान रामायण टोल कमेटी के लोगों व गांव से दिल्ली बार्डर पर डटे किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही डीजे पर नाच कर किसानों ने अपनी जीत की खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों के द्वारा किसानों के समर्थन में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। टोल कमेटी के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को 14 दिसंबर को रामायण टोल पर पहुंचे के लिए न्योता दिया। 14 दिसम्बर को रामायण टोल पर संयुक्त किसान मोर्चे के पदाधिकारी पहुंचेगे और इसी दिन रामायण टोल पर धरना समाप्त करने का एलान किया जाएगा। रविवार को किसानों की ओर से निकाले गए विजयी झुलूस के दौरान उमरा गांव में रामायण टोल कमेटी व दिल्ली बार्डर पर डटे किसानों रणबीर मलिक, रामवतार, मंदीप कुलदीप का फुल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद नारनौंद के मोठ गांव में पहुंचने पर भी ग्रामीणों के द्वारा हरसदीप सरदार, जगबीर ढंढेरी, जगबीर माजरा, सुनील पंघाल,राजीव मलिक व कुलदीप का फुल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। टोल कमेटी के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि 14 दिसंबर को दो बजे रामायण टोल प्लाजा पर संयुक्त किसान मोर्चा के मुख्य सदस्य चौधरी राकेश टिकैत, चौधरी युद्धवीर सिंह सहरावत, सरदार जोगिदर सिंह उग्रहा, सरदार जगजीत सिंह, दलेवाल, अभिमन्यु कोहाड़ पहुंचेंगे। इसलिए टोल कमेटी के सदस्यों द्वारा ज्यादा से ज्यादा लोगों के वहां पहुंचने के लिए अपील की गई। कमेटी के सदस्यों का कहना था कि 14 दिसंबर के कार्यक्रम के बाद रामायण टोल प्लाजा से धरना समाप्त किया जाएगा।