रोहतक में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में फतेहाबाद जिले में किसानों ने लगाया जाम
फतेहाबाद-हिसार फतेहाबाद से सिरसा भूना से चंडीगढ़ सहित पूरे जिले में रोडवेज की सेवाएं ठप हो गई। हालांकि प्राइवेट बसें केवल फतेहाबाद से हिसार व फतेहाबाद से सिरसा जा रही है। लेकिन प्राइवेट बस संचालक हर यात्री से 10 रुपये अतिरिक्त ले रहे थे।
फतेहाबाद, जेएनएन। सीएम के कार्यक्रम के दौरान रोहतक में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने फतेहाबाद जिले में 10 जगहों पर जाम लगा दिया। जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। फतेहाबाद-हिसार, फतेहाबाद से सिरसा, भूना से चंडीगढ़ सहित पूरे जिले में रोडवेज की सेवाएं ठप हो गई। हालांकि प्राइवेट बसें केवल फतेहाबाद से हिसार व फतेहाबाद से सिरसा जा रही है। लेकिन प्राइवेट बस संचालक हर यात्री से 10 रुपये अतिरिक्त ले रहे थे।
शनिवार देर रात को गांव चिकनवास व सिरसा रोड पर भावदीन के पास किसानों द्वारा जाम लगा देने के बाद नेशनल हाईवे 9 बंद हो गया। केवल प्राइवेट वाहन ही अनेक गांवों से होकर अपने गंतव्य की और पहुंचे। इसके अलावा गांव समैन, कन्हड़ी, टोहाना, रतिया, भीमेवाला, भूना सहित अनेक जगहों पर किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जिससे प्राइवेट वाहन भी आना जाना कम हो गया।
यात्री हुए परेशान
देर रात ही किसानों द्वारा अनेक जगह पर जाम लगाने के बाद यात्री फस गए। किसी तरह वो अपने गंतव्य की तरफ तो पहुंच गए लेकिन घर नहीं पहुंच पाए। रविवार सुबह बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ लग गई। यात्रियों को परेशानी हुई। रोडवेज विभाग के अधिकारियों की माने तो जिले में सभी जगह के रोड बंद है। यह कारण है कि नुकसान को देखते हुए बसें बंद कर दिए।
---रोडवेज विभाग फतेहाबाद डिपो महाप्रबंधक कृष्ण कुमार ने कहा कि जिले में अनेक जगहों पर किसानों ने जाम लगा दिया है। सुरक्षा को देखते हुए सभी प्रकार की सेवाएं बंद कर दी गई है। जब तक रास्ते खुले नहीं होंगे तब तक सेवाएं शुरू नहीं की जाएगी।