मूंग न खरीदने पर किसानों ने कार्यालय में जड़ा ताला
संवाद सहयोगी, सिवानीमंडी : अनाज मंडी में सरकार की ओर से केवल दो दिन मूंग की खरीद की गई। सभी किसानों
संवाद सहयोगी, सिवानीमंडी : अनाज मंडी में सरकार की ओर से केवल दो दिन मूंग की खरीद की गई। सभी किसानों की मूंग न खरीदे जाने से नाराज किसानों ने वीरवार रात हंगामा किया। इसके बाद किसान रातभर मंडी में ही डटे रहे और सुबह होते ही सोसायटी कार्यालय में ताला जड़कर हंगामा काटा। किसानों मूंग की खरीद केन्द्र पर जमकर नारेबाजी की और सरकार के प्रति नाराजगी प्रकट की। किसानों ने मूंग खरीद होने पर ही धरना प्रदर्शन बंद करने की बात कही।
जिला प्रशासन ने सिवानी अनाज मंडी में केवल दो दिन में सभी किसानों की मूंग खरीद करने के आदेश दिए थे। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को हैफेड ने सोसायटी के माध्यम से मूंग की खरीद की। पहले दिन केवल चार किसानों ने अपना मूंग सरकार को बेचा। दूसरे दिन 207 पंजीकृत किसानों ने अपना मूंग हैफेड को बेचा। वीरवार शाम तक मूंग बेचने आए सभी किसानों के गेट पास न कटने पर किसानों ने गहरी नाराजगी प्रकट की और मूंग खरीद न होने पर नारेबाजी व हंगामा किया, लेकिन अधिकारियों ने किसानों की एक न सुनी और पुलिस ने बीच बचाव कर मामला सुबह तक के लिए टाल दिया। किसानों का कहना था कि सरकार ने सिर्फ दो दिन खरीद करके किसानों के साथ मजाक किया है। सरकार को सभी किसानों का मूंग खरीदना चाहिए। अब भी करीबन 500 किसानों का मूंग बकाया पड़ा है।
शुक्रवार को किसानों ने सोसायटी कार्यालय में ताला लगा दिया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मोहम्मद सादिक और थाना प्रभारी सुखबीर जाखड़ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों को आश्वासन देकर ताला खुलवाया।
700 किसानों ने कराया पंजीकरण
सिवानी तहसील में करीबन 700 किसानों ने अपनी मूंग की फसल का पंजीकरण कराया है। अभी तक हैफेड ने 211 किसानों का मूंग ही खरीदा है। इस कारण काफी किसानों का मूंग बकाया पड़ा है। क्या बोले अधिकारी
मूंग खरीद के बारे में हैफेड भिवानी के डीएम कृष्ण कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने दो दिन के लिए खरीद केन्द्र शुरू किया था। दो दिन में 211 किसानों की 2104 क्विंटल मूंग खरीदी गई है। जिला प्रशासन आदेश देगा तो आगे भी खरीद कर ली जाएगी, लेकिन अभी ऐसा कोई आदेश नहीं है। हमने गुरुवार शाम मूंग की खरीद बंद कर दी। धरना रहेगा जारी
किसान सभा के प्रदेश सचिव दयानन्द पूनिया ने कहा कि पहले दिन केवल 50 किलोग्राम मूंग खरीद करने पर किसानों को धरना देना पड़ा। अगले दिन सभी किसानों का मूंग खरीद नही किया गया। ऐसे में सरकार किसानों के साथ मजाक कर रही है। जब तक मूंग की खरीद दोबारा शुरू नही की जाती तब तक किसानों का धरना जारी रहेगा। किसान नेता सतपाल गुरेरा ने कहा कि हैफेड किसानों की बजाय आढ़तियों से मिलीभगत कर उनकी मूंग खरीद रही है।