हरियाणा: बेटी के शव को दफना चुके थे परिजन, फिर एक कॉल से बदल गया घटनाक्रम; एक दिन बाद कब्र से निकाली लाश
हांसी के गुराना गांव में एक युवती के शव को दफनाने के एक दिन बाद हत्या की सूचना पर कब्र से निकाला गया।

एक दिन बाद कब्र से निकाली लाश (फाइल फोटो)
HighLights
गुराना गांव में युवती का शव कब्र से निकाला गया
हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की
शव का पोस्टमार्टम हांसी नागरिक अस्पताल में होगा
जागरण संवाददाता, हिसार। हांसी के नारनौंद के अंतर्गत गुराना गांव में 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद स्वजन ने शव को दफना दिया, लेकिन पुलिस कंट्रोल रूम में आई एक सूचना ने अगले ही दिन पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया।
सूचना देने वाले युवक ने युवती की हत्या कर शव दफनाने का आरोप लगाया। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट, चिकित्सकों और एफएसएल टीम की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी नागरिक अस्पताल भेज दिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट से मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
गांव गुराना निवासी प्रियंका करीब एक सप्ताह पहले बिना बताए घर से चली गई थी और तीन दिन बाद लौट आई। स्वजन के अनुसार वापस आने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
13 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह घर के कमरे में फंदे पर मिली। स्वजन ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को दफना दिया गया। खुद को दीपक बताने वाले एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर कहा कि युवती की हत्या करने के बाद शव दफनाया गया है।
कब्र से शव निकालकर जांच करते पुलिसकर्मी
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला शव सूचना के बाद खेड़ी चौपटा चौकी पुलिस गांव पहुंची। नायब तहसीलदार खुर्शीद अहमद को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।
चिकित्सकों और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव कब्र से निकलवाया गया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। चौकी इंचार्ज एसआइ विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
