सिरसा में नकली नोटों से जुड़े एक और गिरोह का पर्दाफाश, नकली नोट छापने की कर रहे थे तैयारी
खारियां के खेत में की ढाणी में गिरोह नकली नोट बनाने की तैयारी में था। एक आरोपित काबू कर लिया। इससे पहले पुलिस ने एक महिला व उसके ममेरे भाई को तीन लाख के नकली नोटों के साथ पकड़ा था
सिरसा, जेएनएन। सिरसा में नकली नोटों का कारोबार करने वाले एक और गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रानियां पुलिस ने गांव खारियां की ढाणी में दबिश देकर नकली नोट बनाने के आरोप में एक आरोपित मनोहर को काबू कर लिया जबकि दूसरा आरोपित संजय मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 93500 रुपये के नोट बरामद किए हैं जो जांच में असली निकले। मगर आरोपितों के पास से 500 के नोट बनाने के साइज के कटे हुए 584 कागज मिले हैं। इन पर नोट बनाने के लिए केमिकल भी लगाया हुआ मिला है। वहीं आरोपित ने पुलिस पूछताछ में नकली नोटों के धंधे में अपने साथ राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र के दो युवकों के मिले होने की बात कबूली। रानियां पुलिस आरोपितों को काबू करने के लिए हनुमानगढ़ में दबिश देगी। वहीं पकड़े गए आरोपित मनोहर को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस का अनुमान है कि आरोपितों से बरामद असली नोटों का भी किसी काम के लिए दुरुपयोग करने का मकसद था।
------मामले की जानकारी देते हुए रानियां थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि बीती शाम उपनिरीक्षक जयसिंह गांव खारियां में मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गांव में ढाणी में रहने वाले मनोहर लाल व संजय नकली नोट बनाने का काम करते हैं और आज भी नकली नोट बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपित खेतों की तरफ भाग गए, जिनमें से एक के हाथ में सफेद रंग का डिब्बा था। पुलिस ने एक आरोपित मनोहर को काबू कर लिया जबकि दूसरा आरोपित संजय भाग गया।
मनोहर के हाथ में थामे प्लास्टिक के डिब्बे पर सफेद रंग का कपड़ा लगा था और जांच करने पर उसमें करंसी नोट और नोट के साइज के कागज मिले, जिनमें केमिकल की गंध आ रही थी। नोटों की गिनती की तो पांच सौ के 167, दो हजार के चार, दो सौ के नौ, तथा सौ के दो नोट सहित कुल 93500 नोट बरामद हुए जो असली निकले। मगर इसके अलावा 584 नोटों के साइज के कागज मिले जिन पर केमिकल लगा था और रैपरों पर नोटो का प्रारूप तैयार करने की तैयारी थी।
एक महिला और उसका ममेरा भाई तीन लाख के नकली नोटों के साथ पकड़े गए थे
इससे पहले सिरसा पुलिस ने बीती 25 अगस्त को मुसाहिबवाला नाके के समीप से एक महिला व उसके ममेरे भाई को तीन लाख रुपये के जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। महिला का पति नकली नोट चलाने के मामले में पंजाब की बठिंडा जेल में बंद है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित महिला हरपाल कौर व उसके भाई गगनदीप के अलावा रानियां के अनुराग को काबू किया था औश्र इसी नेटवर्क से जुड़े शमशाबाद पट्टी निवासी राजेश, नेजाडेला निवासी अरविंद को काबू किया था। पुलिस ने बीते दिवस आरोपितों की निशानेहदी पर पंजाब के भोगपुर क्षेत्र से जाली करंसी छापने की मशीन प्रिंटर व काफी मात्रा में नकली नोट छापने में प्रयुक्त होने वाली शीट भी बरामद की।