धान का भाव बढ़ने की उम्मीद हुई कम, फतेहाबाद में मंडी में आवक बढ़ी, किसान चिंतित
फतेहाबाद अनाज मंडी में गत वर्ष की तुलना में मुच्छल धान की आवक अधिक हुई है। इस बार अनाज मंडी में मुच्छल धान 16 लाख 91 हजार 609 क्विंटल आ चुका है वहीं गत वर्ष 15 लाख 36 हजार 859 क्विंटल आया था।
फतेहाबाद, जागरण संवाददाता। फतेहाबाद अनाज मंडी में सैकड़ों किसान हजारों क्विटल धान लेकर आ रहे है। किसानों को अब अनुमान हो गया है कि धान के भाव इससे अधिक नहीं बढ़ेंगे। ऐसे में जिन्होंने धान का स्टाक किया था वे मंडी में लाकर बेचने लग है। वीरवार को मंडी में बड़ी संख्या में धान लेकर आए। इससे मार्केट कमेटी को खूब आय हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिदिन 6 हजार क्विंटल तक धान आ जाता है। इसके लिए पूरी व्यवस्था की हुई है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जा रही।
फसल का भाव बढ़ने की उम्मीदें कम
अब मंडी में बासमती किस्म का धान 1121 व 1401 आ रहा है। जहां 1121 बासमती 3650 रुपये तक वीरवार को बिका, वहीं बासमती मुच्छल की 1401 वैरायटी का भाव 3400 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा। मार्केट के जानकारों का कहना है कि अभी धान के भाव बढ़ने की और अधिक उम्मीद नहीं है। पहले 1121 धान का भाव एक बार 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक हो गया था, लेकिन अब कोरोना महामारी के वैश्विक प्रभाव को देखते हुए ऐसा संभव नहीं। इसकी वजह है कि दोनों को दूसरे देशों में निर्यात किया जाता है। कोरोना की तीसरी लहर पूरे विश्व में फैली हुई है।
सब्जी मंडी से टैक्स हटाया, धान पर लगाया
प्रदेश सरकार ने सब्जी मंडी पर लगाया गया एक फीसद मार्केट फीस व एक फीसद एचआरडीएफ यानी हरियाणा ग्रामीण विकास फंड बंद कर दिया। वहीं पहले धान की फसल खरीदने पर महज 50 पैसे एचआरडीएफ था, उसे अब 2 रुपये करके सीधा डेढ़ रुपये बढ़ा दिया। इससे भी धान उत्पादक किसानों के भाव पर असर पड़ा है। व्यापारी अब इसकी कटौती किसानी की फसल से कर रहे है। मार्केट फीस पहले ही धान पर 2 फीसद है। ऐसे में अकेली ऐसी फसल है जिसकी खरीद करने पर व्यापारी को 4 फीसद टैक्स देना पड़ता है।
1121 की आवक गत वर्ष से कम, मुच्छल की अधिक
अनाज मंडी में गत वर्ष की तुलना में मुच्छल धान की आवक अधिक हुई है। इस बार अनाज मंडी में मुच्छल धान 16 लाख 91 हजार 609 क्विंटल आ चुका है, वहीं गत वर्ष 15 लाख 36 हजार 859 क्विंटल आया था। इससे मार्केट कमेटी को 6 करोड़ 56 लाख 57 हजार रुपये की आय हुई है। वहीं गत वर्ष जिले की अनाज मंडियों में 8 लाख 79 हजार क्विंटल 1121 धान आया था। जो इस बार अब तक 6 लाख 76 हजार 640 क्विंटल आया है। इससे अब तक 3 करोड़ 44 लाख 44 हजार 796 रुपये मार्केट फीस प्राप्त हुई है।
अनाज मंडी की आवक सिर्फ फतेहाबाद मंडी
अब धान की आवक सिर्फ फतेहाबाद अनाज मंडी में ही आ रही है, बाकि अनाज मंडियों में आवक नहीं हो रही। कागजों में सिर्फ जिला मुख्यालय की मंडी में ही आवक आ रही है। जिसमें चार हजार से अधिक क्विंटल मुच्छल धान व 2 हजार तक 1121 की वैरायटी आ रही है। मार्केट के अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों धान की आवक पूरे मार्च महीने तक चलेगी।
खरीद के लिए उचित व्यवस्था बनाई
अनाज मंडी में सुचारू रूप से धान व नरमे की खरीद हो रही है। मंडी में प्रतिदिन 5 से 6 हजार क्विंटल तक धान आ रहा है। खरीद के लिए उचित व्यवस्था बनाई हुई है। व्यापारियों व किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जा रही।
---- संजीव सचदेवा, सचिव, मार्केट कमेटी।